एशियाई पैरा खेल : निषाद कुमार ने खेलों के रिकॉर्ड के साथ जीता दूसरा स्वर्ण

20 Oct 2026 17:54:53
निषाद कुमार (फोटो-भारतीय खेल प्राधिकरण)


आइची-नागोया, 20 अक्टूबर (हि.स.)। भारत के स्टार पैरा एथलीट निषाद कुमार ने पांचवें एशियाई पैरा खेल-2026 में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए पुरुषों की ऊंची कूद टी-47 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीत लिया। उन्होंने 2.04 मीटर की छलांग लगाकर खेलों का नया रिकॉर्ड बनाया। यह इन खेलों में निषाद का दूसरा स्वर्ण पदक है। इससे एक दिन पहले उन्होंने पुरुषों की लंबी कूद स्पर्धा (टी-47) में भी 7.11 मीटर की दूरी के साथ स्वर्ण पदक जीता था।

निषाद ने प्रतियोगिता में 1.88 मीटर और 1.98 मीटर की ऊंचाई आसानी से पार की। इसके बाद उज्बेकिस्तान के मुहम्मदअबदुल्लोह तुर्सुनजोनोव 1.96 मीटर की ऊंचाई पार करने में असफल रहे। तुर्सुनजोनोव ने 1.94 मीटर की छलांग के साथ अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इसके बाद निषाद ने 2.04 मीटर की ऊंचाई पार कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया और खेलों का नया रिकॉर्ड कायम किया।

निषाद की इस उपलब्धि ने एशियाई पैरा खेलों में भारत के पदक अभियान को मजबूती दी है। ऊंची कूद उनकी विशेषज्ञ स्पर्धा है और उन्होंने अपने प्रदर्शन से एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय पैरा एथलेटिक्स की ताकत दिखाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0