एशियाई पैरा खेल: भाला फेंक में प्रदीप कुमार को रजत, आयुष वर्मा ने जीता कांस्य

20 Oct 2026 08:24:53
प्रदीप कुमार (फोटो-भारतीय खेल प्राधिकरण)


आइची-नागोया, 20 अक्टूबर (हि.स.)। एशियाई पैरा खेल-2026 में भारतीय पैरा एथलीट प्रदीप कुमार और आयुष वर्मा ने पुरुषों की भाला फेंक एफ53/एफ54 स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्रमशः रजत और कांस्य पदक जीते। दोनों खिलाड़ियों ने पदक जीतने वाले अपने प्रयासों में व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और भारत को दोहरी सफलता दिलाई।

प्रदीप कुमार ने अपने अंतिम प्रयास में 27.45 मीटर भाला फेंककर रजत पदक हासिल किया। उन्हें 901 रजा अंक मिले। वहीं, आयुष वर्मा ने अपने पांचवें प्रयास में 17.88 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 793 रजा अंकों के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।

ईरान के इरफान बोंडोरी ने 30.24 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास और 986 रजा अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता।

इस स्पर्धा में प्रदीप और आयुष की सफलता जारी एशियाई पैरा खेलों में भाला फेंक में भारत का दूसरा दोहरा पदक प्रदर्शन है। इससे पहले सोमवार को पुरुषों की एफ46 स्पर्धा में रिंकू हुड्डा ने रजत और अजीत सिंह ने कांस्य पदक जीतकर भारत को दोहरी सफलता दिलाई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0