
काठमांडू, 21 अक्टूबर (हि.स.)। इस्तांबुल से आया टर्किश एयरलाइंस का विमान बुधवार सुबह काठमांडू स्थित त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंडिंग के समय एक पक्षी से टकरा गया।
हवाई अड्डा सुरक्षा कार्यालय के एसपी राज कुमार सिलवाल ने बताया कि पक्षी के टकराने के बावजूद टर्किश एयरलाइंस की फ्लाइट नंबर टीके 726 को कोई नुकसान नहीं हुआ है और स्थिति सामान्य है।
विमान से पक्षी के टकराने के बाद हवाई अड्डे पर उड़ानों के आगमन और प्रस्थान को कुछ समय के लिए अस्थायी रूप से रोक दिया गया। एसपी सिलवाल ने बताया कि करीब 7 बजे से 8 बजे तक यानी एक घंटे तक सभी उड़ानों को बंद कर दिया गया और सुरक्षा के सारे मानक पूरा होने के बाद से हवाई अड्डे का संचालन फिर से शुरू हो गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास