टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस के तीन आरोपित राजस्थान से मुंबई लाए गए, 31 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत

21 Oct 2026 19:08:53
फाईल फोटो: फिल्म अभिनेता टाइगर श्राफ


- फायरिंग मामले में अब तक कुल आठ आरोपित गिरफ्तार किये गए

मुंबई, 21 अक्टूबर (हि.स.)। फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में बुधवार तक कुल आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें तीन राजस्थान के कोटा से, एक गुजरात के बड़ोदरा से और चार दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आज राजस्थान के कोटा से लाए गए तीन आरोपितों को मुंबई की किला अदालत ने 31 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

मुंबई पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त राज तिलक रोशन ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि टाइगर श्राफ फायरिंग मामले में राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार रेहान उर्फ सुक्का, फूल सिंह और रितिक कुर्मी उर्फ रोशन को मुंबई लाया गया है। इन तीनों से पूछताछ के आधार पर मुंबई पुलिस ने आज गुजरात के वडोदरा से अंकित नामक एक अन्य आरोपित को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पता चला है कि आरोपितों को हमले की सुपारी के साथ विदेश में सेटल किए जाने का भी आश्वासन दिया गया था। इसी मामले में दिल्ली पुलिस ने कुणाल (21), सुमित (19), राधा (23) और बबीता (23) को गिरफ्तार किया है। इन चारों ने आरोपितों को हथियार मुहैया करवाया था। अभी तक इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद नहीं हुए हैं।

राजस्थान से लाये गए तीन आरोपितों को आज पुलिस ने मुंबई अदालत में पेश किया और इनकी 14 दिन की कस्टडी मांगी। हालांकि, बचाव पक्ष के वकील अजिंक्य मिरगले ने इसका विरोध करते हुए दलील दी कि आरोपितों से राजस्थान के कोटा में ट्रांजिट रिमांड के दौरान रातभर पूछताछ की गई थी। मुंबई लाते समय भी उनसे पूछताछ हो चुकी है। इसलिए तीनों आरोपितों को न्यायिक कस्टडी में भेजा जाए। इसके बाद सरकारी वकील ने अदालत को बताया कि आरोपित दूसरे राज्य में पकड़े गए है, इसलिए वहां जाकर जांच करनी है। साथ ही अभी तक इस मामले में हथियार जब्त नहीं हुए हैं, इसलिए आरोपितों को १४ दिनों तक की पुलिस कस्टडी जरुरी है। इसके बाद अदालत ने तीनों को ३१ अक्टूबर तक पुलिस कस्टडी में भेजने का आदेश दिया।

उल्लेखनीय है कि रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ फायरिंग कर तीनों आरोपित फरार हो गए थे। इस घटना में टाइगर श्रॉफ को कोई चोट नहीं आई, जबकि उनके ड्राइवर और एक राहगीर के घायल हो गए थे,दोनों का इलाज जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Powered By Sangraha 9.0