देहरादून, 21 अक्टूबर (हि.स.)। श्री केदारनाथ धाम के कपाट आगामी 11 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। वर्तमान में यात्रा सुचारू रूप से संचालित हो रही है। विगत एक सप्ताह से मौसम अनुकूल रहने के कारण यात्रा व्यवस्थाएं सामान्य बनी हुई हैं। हेली सेवाओं का संचालन भी सुचारू रूप से किया जा रहा है।
जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने बताया कि कि इस वर्ष की यात्रा में अब तक 17,75,059 श्रद्धालु श्री केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा के दर्शन कर चुके हैं।
जिला प्रशासन का प्रयास है कि यात्रा के शेष दिनों में भी देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को निरंतर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, जिससे उनकी यात्रा सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनी रहे। उन्होंने बताया कि धाम में हल्की बर्फबारी होने के साथ ही तापमान में भी लगातार गिरावट आ रही है। ऐसे में श्रद्धालुओं को मौसम के अनुरूप आवश्यक तैयारियों के साथ यात्रा करने की जरूरत है।
उन्होंने सभी तीर्थयात्रियों से अपील की कि श्री केदारनाथ धाम की यात्रा पर आने से पूर्व मौसम की जानकारी अवश्य प्राप्त करें व पर्याप्त गर्म कपड़े, आवश्यक सामग्री एवं अपनी जरूरत की दवाइयां साथ लेकर आएं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। श्रद्धालु मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यात्रा करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल