आईसीसी रैंकिंग : शाई होप की शीर्ष 10 में वापसी, राशिद और सेदिकुल्लाह को वनडे में बड़ा फायदा

21 Oct 2026 14:53:53
आईसीसी लोगो


- तस्किन अहमद करियर की सर्वश्रेष्ठ 12वीं रैंकिंग पर पहुंचे, राशिद वनडे गेंदबाजों में शीर्ष पर कायम

दुबई, 21 अक्टूबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ताजा खिलाड़ी रैंकिंग में वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष-10 में जगह बना ली है। अफगानिस्तान के सेदिकुल्लाह अटल और राशिद खान ने वनडे रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई है। बांग्लादेश के तेज गेंदबाज तस्किन अहमद भी वनडे गेंदबाजों की रैंकिंग में करियर के सर्वश्रेष्ठ 12वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

शाई होप नौवें स्थान पर पहुंचे

भारत के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला 2-2 से बराबर रहने के दौरान शाई होप ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने चार पारियों में 261 रन बनाए और 190 से अधिक के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। इस दौरान उनके बल्ले से दो शतक और एक अर्धशतक निकला। उन्हें श्रृंखला का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी भी चुना गया।

श्रृंखला के चौथे मुकाबले में होप ने नाबाद 102 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। इसके बाद वह बल्लेबाजों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में 11वें से नौवें स्थान पर पहुंच गए। वेस्टइंडीज के शेरफेन रदरफोर्ड 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन की पारी के दम पर छह स्थान ऊपर चढ़कर 18वें स्थान पर पहुंच गए। गेंदबाजों की सूची में गुडाकेश मोती ने 10 स्थान की छलांग लगाकर 26वां स्थान हासिल किया।

सेदिकुल्लाह और राशिद का शानदार प्रदर्शन

संयुक्त अरब अमीरात में जिम्बाब्वे के खिलाफ त्रिकोणीय श्रृंखला के मुकाबले में अफगानिस्तान ने 158 रन से जीत दर्ज की। इस जीत में सेदिकुल्लाह अटल और राशिद खान ने अहम भूमिका निभाई। अटल ने 102 रन की पारी खेलकर अफगानिस्तान को 294 रन तक पहुंचाने में मदद की। उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। इस प्रदर्शन के बाद वह वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में 12 स्थान ऊपर चढ़कर 20वें स्थान पर पहुंच गए।

राशिद खान ने 17 रन देकर चार विकेट लिए। इसमें जिम्बाब्वे के प्रमुख बल्लेबाज सिकंदर रजा का विकेट भी शामिल था। इस प्रदर्शन के साथ राशिद वनडे गेंदबाजों की रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर अपनी पकड़ मजबूत करने में सफल रहे। वह दूसरे स्थान पर मौजूद पाकिस्तान के अबरार अहमद से 80 रेटिंग अंक आगे हैं।

तस्किन अहमद करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग पर

बांग्लादेश के बल्लेबाज तंजीद हसन ने त्रिकोणीय श्रृंखला के शुरुआती मुकाबले में जिम्बाब्वे के खिलाफ 46 रन बनाए। इसके बाद वह तीन स्थान ऊपर चढ़कर 21वें स्थान पर पहुंच गए। हालांकि, बांग्लादेश यह मुकाबला हार गया था। तेज गेंदबाज तस्किन अहमद ने 44 रन देकर तीन विकेट लिए और नौ स्थान की छलांग लगाकर वनडे गेंदबाजों की रैंकिंग में करियर के सर्वश्रेष्ठ 12वें स्थान पर पहुंच गए।

अफगानिस्तान के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज फजलहक फारूकी दो विकेट लेने के बाद 12 स्थान ऊपर चढ़कर 46वें स्थान पर पहुंच गए। जिम्बाब्वे के ब्रैड इवांस ने दो मुकाबलों में सात विकेट लिए और 19 स्थान की छलांग लगाकर संयुक्त रूप से 65वें स्थान पर पहुंच गए।

पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाड़ियों को भी फायदा

रैंकिंग के ताजा अपडेट में पाकिस्तान में खेली गई त्रिकोणीय श्रृंखला के प्रदर्शन को भी शामिल किया गया है। इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज टॉम बैंटन ने 53 गेंदों पर 57 रन बनाए, जिसके बाद वह 16 स्थान ऊपर चढ़कर 66वें स्थान पर पहुंच गए। पाकिस्तान के सलमान अली आगा ने श्रीलंका के खिलाफ 37 रन की जीत में 107 रन बनाए और बल्लेबाजों की सूची में एक स्थान ऊपर चढ़कर 12वें स्थान पर पहुंच गए। श्रीलंका के पवन रत्नायके 34 स्थान की छलांग लगाकर 75वें स्थान पर पहुंच गए।

पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ दो स्थान ऊपर चढ़कर 20वें और नसीम शाह चार स्थान ऊपर चढ़कर 45वें स्थान पर पहुंच गए। अफगानिस्तान के युवा स्पिनर ए.एम. गजनफर ने सात स्थान की छलांग लगाकर 31वां स्थान हासिल किया।

आईसीसी क्रिकेट विश्व कप लीग-2 में प्रदर्शन के दम पर नेपाल के रोहित पौडेल बल्लेबाजों की रैंकिंग में छह स्थान ऊपर चढ़कर 82वें और दीपेंद्र सिंह ऐरी सात स्थान ऊपर चढ़कर 87वें स्थान पर पहुंच गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0