एशियन पैरा खेल : शॉट पुट एफ46 इवेंट में भारत का क्लीन स्वीप, सचिन ने बनाया गेम्स रिकॉर्ड

21 Oct 2026 08:41:53
सचिन खिलारी


आइची-नागोया, 21 अक्टूबर (हि.स.)। एशियाई पैरा खेल-2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने पुरुषों की गोला फेंक एफ-46 स्पर्धा में तीनों पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। सचिन खिलारी ने पहले ही प्रयास में 15.79 मीटर का थ्रो करते हुए खेलों का नया रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। मोहम्मद यासिर ने रजत, जबकि प्रवीण ने कांस्य पदक जीता।

सचिन ने प्रतियोगिता में निरंतरता दिखाते हुए अपने सभी प्रयासों में 15 मीटर से अधिक दूरी तक गोला फेंका। उनका 15.79 मीटर का पहला प्रयास ही स्वर्ण पदक और खेल रिकॉर्ड के लिए पर्याप्त रहा।

मोहम्मद यासिर ने अपने तीसरे प्रयास में 15.06 मीटर की दूरी हासिल की। यह उनका इस सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा, जिससे उन्होंने रजत पदक अपने नाम किया। प्रवीण ने दूसरे प्रयास में 13.83 मीटर का थ्रो कर कांस्य पदक जीता।

इस तरह पुरुषों की गोला फेंक एफ-46 स्पर्धा में स्वर्ण, रजत और कांस्य तीनों पदक भारतीय खिलाड़ियों के खाते में आए। भारतीय दल के लिए यह उपलब्धि एशियाई पैरा खेलों में देश के शानदार प्रदर्शन को और मजबूती देती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0