प्रधानमंत्री, लोकसभा अध्यक्ष और रक्षा मंत्री ने गृह मंत्री अमित शाह को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

22 Oct 2026 10:45:53
केंद्रीय मंत्री अमित शाह (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने गुरुवार को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के जन्मदिन के अवसर पर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दी।

प्रधानमंत्री मोदी ने साेशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा, गृह मंत्री अमित शाह की प्रशासनिक समझ ने भारत की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया है। माओवाद के खतरे को खत्म करने और नशा मुक्त समाज के हमारे सपने को आगे बढ़ाने में मिली सफलताएँ विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं। मैं प्रार्थना करता हूं कि उन्हें लोगों की सेवा में एक लंबा और स्वस्थ जीवन मिले।

ओम बिरला ने कहा कि भारत में नक्सलवाद को ख़त्म कर राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने, देश में सहकारिता को नई दिशा देने तथा राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए अमित शाह के प्रयास प्रेरक हैं। राष्ट्रहित के प्रति आपकी अटूट प्रतिबद्धता करोड़ों भारतीयों को प्रोत्साहित करती है। आपका नशा मुक्त भारत का संकल्प परिवार और राष्ट्रहित की वृहद सोच हैं। कामना है कि शाह का अनुभव, ऊर्जा और राष्ट्रसेवा का संकल्प देश की प्रगति, समृद्धि और जनकल्याण के नए मार्ग प्रशस्त करता रहे। ईश्वर आपको उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और असीम ऊर्जा प्रदान करें।

राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने और सहकारिता क्षेत्र को नई गति देने में वह पूरे मनोयोग और कर्मठता के साथ काम कर रहे हैं। उनके उत्तम स्वास्थ्य की और दीर्घायु होने के साथ-साथ राष्ट्रसेवा में उनकी निरंतर सक्रियता की ईश्वर से कामना करते हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में अमित शाह द्वारा ‘नक्सल मुक्त भारत’ का संकल्प साकार होना एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, जिससे देश की आंतरिक सुरक्षा सुदृढ़ हुई है। वर्ष 2029 तक ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ का लक्ष्य देश की युवा पीढ़ी को नशे से बचाने की आपकी दूरदर्शिता को दर्शाता है। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि जन-सहभागिता से यह संकल्प भी अवश्य सिद्ध होगा। आपका राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण, परिश्रम और जनकल्याण का भाव हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सुखमय जीवन की मंगलकामना करते हैं।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जनप्रिय जननेता, कुशल संगठनकर्ता एवं श्रेष्ठ रणनीतिकार, अपने दृढ़ संकल्प शक्ति के आधार पर देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ और सहकारिता क्षेत्र को समृद्ध बनाने में सतत रत देश के यशस्वी अमित शाह पर बाबा सोमनाथ की कृपा सदैव बनी रहे, आप स्वस्थ रहें, दीर्घायु हों, आपके यशस्वी जीवन के लिए प्रार्थना करते हैं।

केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा को अभूतपूर्व मजबूती देने, आतंकवाद पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने और सहकारिता क्षेत्र को सशक्त बनाने में शाह का नेतृत्व निर्णायक रहा है। संगठन के विस्तार से लेकर राष्ट्रहित के बड़े निर्णयों तक, आपकी कार्यशैली और दृढ़ इच्छाशक्ति ने देश की राजनीति में एक विशिष्ट पहचान बनाई है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि राष्ट्रहित के प्रति आपका अटूट समर्पण और संगठन को सशक्त बनाने में शाह का योगदान सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के निरंतर सामर्थ्य की कामना करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0