तिब्बत में 7.0 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, नुकसान का आकलन जारी

22 Oct 2026 21:57:53

बीजिंग, 22 अक्टूबर (हि.स.)। दक्षिण-पश्चिमी तिब्बत क्षेत्र में गुरुवार रात 7.0 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। चीन के भूकंप नेटवर्क केंद्र (सीईएनसी) के अनुसार, भूकंप रात करीब 10 बजकर 33 मिनट पर आया। शुरुआती रिपोर्ट में जान-माल के नुकसान की तत्काल कोई जानकारी नहीं मिली है।

भूकंप का केंद्र उत्तरी तिब्बत के नागचू क्षेत्र के एक ऊंचाई वाले जिले में जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे था। केंद्र के आसपास पांच किलोमीटर के दायरे में औसत ऊंचाई समुद्र तल से लगभग 4,864 मीटर बताई गई है। भूकंप के झटके स्थानीय क्षेत्र में स्पष्ट रूप से महसूस किए गए।

भूकंप का केंद्र तिब्बत की राजधानी ल्हासा से लगभग 400 किलोमीटर दूर था। सीईएनसी के मुताबिक, जनवरी 2024 के बाद चीन में आया यह सबसे शक्तिशाली भूकंप है।

इससे पहले वर्ष 2010 में पड़ोसी छिंगहाई प्रांत के युशू क्षेत्र में 7.1 तीव्रता का भूकंप आया था। उस आपदा में कम से कम 2,698 लोगों की मौत हुई थी, जबकि करीब 300 लोग लापता हो गए थे। युशू भूकंप का केंद्र मौजूदा भूकंप के क्षेत्र से लगभग 280 किलोमीटर दूर था।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0