इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने की प्रधानमंत्री मोदी से बात, पश्चिम एशिया के हालात पर चर्चा

22 Oct 2026 19:23:53

नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का गुरुवार को फोन आया। दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श किया और क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने की तत्काल आवश्यकता पर बल दिया।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार दोनों नेताओं ने भारत-इज़राइल संबंधों में निरंतर प्रगति का स्वागत किया और दोनों देशों के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की अपनी साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि की। प्रधानमंत्री मोदी ने आगे बढ़ने के मार्ग के रूप में संवाद और कूटनीति के लिए भारत के आह्वान को दोहराया। दोनों नेताओं ने संपर्क में रहने पर सहमति व्यक्त की।

उल्लेखनीय है कि दोनों नेताओं की इससे पहले 6 अगस्त बातचीत हुई थी। उस दौरान दोनों ने भारत-इजराइल स्पेशल स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप की प्रगति की समीक्षा की और पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर विचार विमर्श किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Powered By Sangraha 9.0