नेपाल में एक हफ्ते से अधिक समय तक बारिश की संभावना, किसानों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह

22 Oct 2026 12:00:53
नेपाल में बारिश का पूर्वानुमान


काठमांडू, 22 अक्टूबर (हि.स.)। नेपाल के कई क्षेत्रों में अगले सप्ताह से बारिश होने की संभावना जताई गई है। बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव के प्रभाव से बारिश होने का अनुमान है।

मौसमविद् डॉ. विनोद पोखरेल के अनुसार, विभिन्न मौसम पूर्वानुमान मॉडल अगले मंगलवार से एक सप्ताह से अधिक समय तक बारिश होने की संभावना दिखा रहे हैं। उन्होंने चार मौसम पूर्वानुमान मॉडलों के औसत अनुमान का चित्र साझा करते हुए बताया कि कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।

उनके अनुसार, अलग-अलग मॉडल बारिश के स्थान और उसकी मात्रा को लेकर अलग-अलग अनुमान लगा रहे हैं। ऐसे में अभी यह निश्चित रूप से बताना मुश्किल है कि किस क्षेत्र में कितनी बारिश होगी। आने वाले दिनों में मौसम का पूर्वानुमान बदल सकता है। बारिश की संभावना को देखते हुए उन्होंने धान की कटाई की तैयारी कर रहे किसानों को मौसम का पूर्वानुमान देखकर योजना बनाने की सलाह दी है।

उनका कहना है कि अगले सप्ताह मंगलवार से धान काटने की योजना बना रहे किसान संभव हो तो उससे पहले ही धान काटकर सुरक्षित रूप से घर ले आएं। ऐसा संभव नहीं होने पर बारिश रुकने के बाद ही कटाई करने की तैयारी करें। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि के साथ बारिश होने की भी संभावना है। ऐसे में किसानों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है।

इसी तरह, हिमालयी क्षेत्रों में प्रतिकूल मौसम के कारण जोखिम बढ़ सकता है। इसे देखते हुए यात्रा और ट्रेकिंग पर जाने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। यात्रा की योजना बना रहे लोगों को नियमित मौसम पूर्वानुमान और आधिकारिक सूचनाओं के आधार पर ही अपना कार्यक्रम तय करना चाहिए।

मौसम का पूर्वानुमान अभी बदल सकता है। ऐसे में किसानों, यात्रियों और संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों को संभावित बारिश के प्रभाव से बचने के लिए मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखने की जरूरत है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0