नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ‘रेल जन संवाद’, रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष ने यात्रियों से किया सीधा संवाद

22 Oct 2026 18:19:53
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम के दौरान यात्रियों से बातचीत करते रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार।


नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (हि.स.)। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार ने गुरुवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर आयोजित ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम में यात्रियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने यात्रियों की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को सुना तथा स्टेशन की स्वच्छता और यात्री सुविधाओं में सुधार के लिए भारतीय रेल की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य रेलवे प्रशासन और यात्रियों के बीच संवाद को मजबूत करना तथा जनभागीदारी के माध्यम से रेलवे स्टेशनों की स्वच्छता एवं यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाना है। इस अवसर पर रेलवे बोर्ड और उत्तर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों सहित राजेश कुमार पाण्डेय और पुष्पेश रमण त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सतीश कुमार ने यात्रियों को स्टेशन की सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने, यात्री सुविधाओं में सुधार लाने और यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया। उन्होंने यात्रियों को स्वच्छता और अन्य सुविधाओं से संबंधित अपनी प्रतिक्रियाएं एवं सुझाव साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया। अधिकारियों ने यात्रियों की समस्याओं और सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना।

इस अवसर पर रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने अधिकारियों, कर्मचारियों और यात्रियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। वहीं, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के 20 स्वच्छाग्रहियों को स्वच्छता के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया। स्टेशन परिसर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया।

उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल के अंतर्गत नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के अलावा हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल, दिल्ली जंक्शन, दिल्ली सराय रोहिल्ला, दिल्ली कैंट, फरीदाबाद, गुरुग्राम, गाजियाबाद, शकूरबस्ती, मेरठ सिटी, दिल्ली शाहदरा, कुरुक्षेत्र, रोहतक, करनाल, पानीपत, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ कैंट, जींद जंक्शन, जाखल, सोनीपत और नरवाना रेलवे स्टेशनों पर भी ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इन स्टेशनों पर मंडल के अधिकारियों ने यात्रियों से बातचीत कर स्वच्छता, यात्री सुविधाओं और रेलवे सेवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर उनकी प्रतिक्रियाएं एवं सुझाव प्राप्त किए। रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य यात्रियों की समस्याओं का संज्ञान लेकर सेवाओं में निरंतर सुधार करना और स्टेशन के रखरखाव के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

रेलवे प्रशासन ने इस कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छ, कुशल और यात्री-अनुकूल रेलवे स्टेशन बनाने के लिए यात्री संतुष्टि, जनभागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी के महत्व पर जोर दिया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Powered By Sangraha 9.0