मुख्यमंत्री धामी ने मीका सिंह से की बात, दलेर मेहंदी प्रकरण में बोले- उत्तराखंड में सभी कलाकारों का सम्मान

22 Oct 2026 23:25:53
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी फाइल चित्र।


देहरादून, 22 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को प्रसिद्ध गायक मीका सिंह से दूरभाष पर बातचीत की और उनके बड़े भाई एवं गायक दलेर मेहंदी से जुड़े प्रकरण पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी प्रकार की गलतफहमी को आपसी संवाद और सौहार्द के माध्यम से दूर किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट में कहा कि देवभूमि उत्तराखंड ‘अतिथि देवो भवः’ की महान परंपरा का संवाहक है और यहां सभी कलाकारों का सदैव हृदय से स्वागत एवं सम्मान किया जाता है।

मुख्यमंत्री की यह पहल टिहरी जिले के नरेंद्रनगर में आयोजित मां कुंजापुरी मेले में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और दलेर मेहंदी के बीच हुए घटनाक्रम के बाद सामने आई है। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान गायक की प्रस्तुति को लेकर मंत्री की टिप्पणी के बाद विवाद खड़ा हो गया था। घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री उनियाल ने दलेर मेहंदी की प्रस्तुति पर असंतोष जताया था। मंत्री ने आरोप लगाया था कि गायक अपेक्षा के अनुरूप प्रस्तुति नहीं दे रहे थे और पहले से रिकॉर्ड किए गए संगीत का इस्तेमाल कर रहे थे। उन्होंने गायक के नशे में होने संबंधी टिप्पणी भी की थी।

इस घटनाक्रम के बाद मीका सिंह ने अपने भाई का बचाव करते हुए मंत्री की टिप्पणी पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा था कि दलेर मेहंदी की तबीयत ठीक नहीं है और हाल में उनकी बड़ी सर्जरी हुई है। मीका ने शराब के सेवन संबंधी आरोपों को खारिज करते हुए मामले में मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप करने और मंत्री से माफी दिलाने की मांग की थी।

मीका सिंह ने यह भी कहा था कि कलाकारों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए। उन्होंने दलेर मेहंदी की स्वास्थ्य संबंधी स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी व्यक्ति के बारे में सार्वजनिक रूप से टिप्पणी करने से पहले उसकी परिस्थितियों को समझना जरूरी है।

दूसरी ओर, सुबोध उनियाल ने अपनी टिप्पणी का बचाव करते हुए कहा था कि उन्हें कार्यक्रम के दौरान गायक की स्वास्थ्य संबंधी स्थिति की जानकारी नहीं थी। उन्होंने प्रस्तुति की गुणवत्ता पर असंतोष जताते हुए कहा था कि यदि कलाकार अस्वस्थ थे तो आयोजकों को इसकी जानकारी पहले दी जानी चाहिए थी।

विवाद के बाद मनोरंजन जगत की कुछ हस्तियों ने भी दलेर मेहंदी के समर्थन में प्रतिक्रिया दी थी। इस घटनाक्रम ने सार्वजनिक मंचों पर कलाकारों के साथ व्यवहार और आयोजनों में प्रस्तुति को लेकर अपेक्षाओं के मुद्दे को चर्चा में ला दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने अपने संदेश में विवाद के किसी पक्ष पर अलग से टिप्पणी करने के बजाय आपसी संवाद, सद्भाव और कलाकारों के सम्मान पर जोर दिया। उन्होंने उत्तराखंड की अतिथि सत्कार की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में सभी कलाकारों का स्वागत किया जाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Powered By Sangraha 9.0