एनएचएआई राष्ट्रीय राजमार्ग के टोल प्लाजा पर अब मिलेंगी वर्ल्ड-क्लास टॉयलेट और पार्किंग सुविधाएं

23 Oct 2026 18:31:54

नई दिल्ली, 23 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने देश के राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है।

केन्द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के अनुसार एनएचएआई ने टोल प्लाजा पर पब्लिक टॉयलेट और निर्धारित पार्किंग एरिया के उन्नयन', रखरखाव और निरंतर निगरानी के लिए व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इन दिशा-निर्देश का मुख्य उद्देश्य हाईवे उपयोगकर्ताओं को साफ-सुथरी, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

व्यापक मरम्मत और रख-रखाव मौजूदा टॉयलेट सुविधाओं का पहले तकनीकी मूल्यांकन किया जाएगा। इसके बाद फ्लोरिंग, प्लंबिंग, सैनिटरी फिटिंग, पर्याप्त रोशनी, वेंटिलेशन, जल निकासी और साइनबोर्ड में सुधार किया जाएगा। सफाई का शेड्यूल टोल प्लाजा पर ट्रैफिक के स्तर के हिसाब से तय होगा।

महिला यात्रियों और रात में सफर करने वाले परिवारों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी सर्विलांस, पर्याप्त लाइटिंग और सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें लगाई जाएंगी। साथ ही, दिव्यांगजनों और बुजुर्गों की सुगमता के लिए रैंप, सही दरवाजे और ग्रैब बार वाले विशेष टॉयलेट बनाए जाएंगे। टोल प्लाजा पर पार्किंग एरिया को बेहतर बे और आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम के साथ अपग्रेड किया जाएगा।

भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यहां इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग बुनियादी सुविधाओं के लिए भी जगह आरक्षित की जाएगी। पानी की उपलब्धता, बदबू, सीवेज लेवल, लीकेज और बिजली सप्लाई जैसी चीजों को ट्रैक करने के लिए स्मार्ट सेंसर लगाए जाएंगे। किसी भी तरह की खराबी या पानी की कमी होने पर तुरंत अलर्ट मिलेगा, जिसे एनएचएआई के सेंट्रल डिजिटल डैशबोर्ड से जोड़ा जाएगा। यात्री 'राजमार्गयात्रा' ऐप पर दिए गए क्यूआर कोड या टोल प्लाजा पर लगी टचस्क्रीन के जरिए सीधे अपना फीडबैक और शिकायत दर्ज करा सकेंगे।

इसके अलावा सेप्टिक टैंक, सोक पिट और सीवर लाइनों की सफाई केवल मशीनों के जरिए ही की जाएगी। व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए दैनिक देखरेख, साप्ताहिक तकनीकी निरीक्षण, मासिक समीक्षा और त्रैमासिक लेखापरीक्षा का फ्रेमवर्क तैयार किया गया है। तय मानकों का पालन न करने वाली एजेंसियों पर भारी आर्थिक जुर्माना लगाया जाएगा और लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0