
नई दिल्ली, 23 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को एशियन पैरा खेल 2026 में पुरुष एकल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले नवीन शिवकुमार, पैरा टेबल टेनिस पुरुष डबल्स में कांस्य पदक जीतने पर जेहान डोराब मदान और शुभम वाधवा, बैडमिंटन पुरुष एकल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले नितेश कुमार, बैडमिंटन पुरुष एकल स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाले प्रमोद भगत, पुरुषों के रिकर्व डबल्स में स्वर्ण पदक जीतने पर हरविंदर सिंह तथा विजय सुंडी, पुरुषों की 1500 मीटर दौड़ की निर्धारित श्रेणी में रजत पदक जीतने वाले प्रमोद, महिलाओं के रिकर्व डबल्स में रजत पदक जीतने वाली भावना तथा पूजा और पैरा बैडमिंटन महिला एकल स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाले थुलसिमथी मुरुगेसन को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी।
राष्ट्रपति ने एक्स पर लिखा, “स्वर्ण पदक और बैडमिंटन पुरुष युगल में जीते गए कांस्य पदक के साथ, नवीन शिवकुमार ने इन खेलों में एक ऐतिहासिक शुरुआत की है। आपकी ये उपलब्धियां हमारे युवाओं के लिए, विशेष रूप से उच्च स्तर की उत्कृष्टता हासिल करने की चाह रखने वाले खिलाड़ियों के लिए, प्रेरणा का एक बड़ा स्रोत बनेंगी। इस इवेंट में भारत के लिए पहला मेडल जीतकर, जेहान डोराब मदान और शुभम वाधवा ने भारतीय पैरा टेबल टेनिस में एक नई शुरुआत की है। हम आपके भविष्य में और भी सफल होने की कामना करते हैं। कोर्ट पर प्रमोद भगत शानदार प्रदर्शन ने साबित कर दिया है कि भारत में पैरा बैडमिंटन प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आपने उभरते हुए खिलाड़ियों के लिए एक उच्च मानक स्थापित किया है। मौजूदा पैरालंपिक चैंपियन के रूप में, नितेश कुमार ने अपने नाम एक और उपलब्धि जोड़ी है और देश को जश्न मनाने का एक खास मौका दिया है। कोर्ट पर आपका लगातार शानदार प्रदर्शन हर भारतीय को, खासकर युवाओं को प्रेरित करता है। हरविंदर सिंह और विजय सुंडी की इस जीत से हमें वह गर्व महसूस होता है, जो तिरंगे के ऊपर लहराने और हमारे राष्ट्रगान के बजने पर मिलता है। आप दोनों को भविष्य में और भी शानदार जीतें मिलें, यही शुभकामना है। ट्रैक पर प्रमोद की निरंतर गति और दृढ़ संकल्प वास्तव में सराहनीय है। भविष्य में भी आपकी ऐसी ही शानदार उपलब्धियों की कामना करता हूं। आर्चरी रेंज पर भावना और पूजा दोनों का बेहतरीन टीम वर्क और फोकस, दूसरों के लिए एक मिसाल है। मैं कामना करता हूं कि आर्चरी में नए मुकाम हासिल करने की आपकी यात्रा में आप दोनों को आगे भी ऐसी ही सफलता मिलती रहे। कोर्ट पर थुलसिमथी मुरुगेसन की यह शानदार उपलब्धि उन युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी जो भारत का प्रतिनिधित्व करने की इच्छा रखते हैं। मैं आपके खेल करियर में आपकी निरंतर सफलता की कामना करता हूं।
उल्लेखनीय है कि भारतीय पैरा तीरंदाज भावना और पूजा जाट्यान ने एशियाई पैरा खेल-2026 में शुक्रवार को महिला रिकर्व युगल स्पर्धा में रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया। भारतीय खेल प्राधिकरण के सोनीपत स्थित राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में प्रशिक्षण लेने वाली इस जोड़ी ने फाइनल तक का सफर तय किया। इस स्पर्धा में भारत का यह पहला पदक है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी