एशियन पैरा खेल: नीतेश-थुलासिमथी ने मिश्रित युगल एसएल3-एसयू5 स्पर्धा में जीता रजत

23 Oct 2026 13:33:53
भारत के नीतेश कुमार और थुलासिमथी मुरुगेसन


आइची-नागोया, 23 अक्टूबर (हि.स.)। भारत के नीतेश कुमार और थुलासिमथी मुरुगेसन ने आइची-नागोया पैरा एशियाई खेल-2026 में पैरा बैडमिंटन की मिश्रित युगल एसएल3-एसयू5 स्पर्धा में रजत पदक जीता। स्वर्ण पदक के लिए खेले गए फाइनल में भारतीय जोड़ी को इंडोनेशिया की लेआनी रात्री ओक्तिला और हिकमत रामदानी के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा।

फाइनल में भारतीय जोड़ी ने शानदार शुरुआत करते हुए पहला गेम 21-11 से अपने नाम किया। हालांकि, दूसरे गेम में इंडोनेशियाई जोड़ी ने वापसी की और कड़े मुकाबले में 21-19 से जीत दर्ज कर स्कोर 1-1 कर दिया।

निर्णायक तीसरे गेम में भी दोनों जोड़ियों के बीच मुकाबला हुआ, लेकिन इंडोनेशियाई खिलाड़ियों ने 21-14 से गेम जीतकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। नीतेश और थुलासिमथी को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। भारत ने समाचार लिखे जाने तक एशियन पैरा खेल 2026 में 104 पदकों (27 स्वर्ण, 34 रजत और 43 कांस्य)के साथ पदक तालिका में चौथे स्थान पर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0