अगले हफ्ते कैबिनेट में फेरबदल होगा, मंत्रियों की सूची फाइनल : उमर अब्दुल्ला

24 Oct 2026 13:03:53

श्रीनगर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को कहा कि अगले हफ्ते कैबिनेट में फेरबदल और विस्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला से चर्चा के बाद मंत्रियों की सूची फाइनल कर ली गई है।

श्रीनगर के लोक भवन में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात की। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्होंने उपराज्यपाल से अगले हफ्ते के शुरुआती दो-तीन दिनों में समय तय करने का अनुरोध किया है ताकि मंत्रिपरिषद का विस्तार और फेरबदल किया जा सके। उन्होंने पार्टी सहयोगियों और मंत्री पद के दावेदारों से यह भी कहा कि वे मंत्री पद पाने के लिए लॉबिंग करना बंद कर दें क्योंकि इस पर फैसला पहले ही लिया जा चुका है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार सऊदी अरब में फंसे उमराह यात्रियों का मुद्दा विदेश मंत्रालय के सामने उठा रही है और जरूरत पड़ने पर अपने बजट से उन्हें आर्थिक मदद देने के लिए भी तैयार है।

दंत चिकित्सा को विनियमित करने के अधिकारों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह देखने के लिए नियमों की जांच करनी होगी कि यह मामला केंद्र के अधिकार क्षेत्र में आता है या चुनी हुई सरकार के। चीन सीमा से जुड़े मुद्दों पर उमर ने कहा कि यह मामला भारत सरकार और लद्दाख प्रशासन के अधिकार क्षेत्र में आता है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Powered By Sangraha 9.0