माहिम मेें जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, गहन छानबीन जारी

युगवार्ता    24-Oct-2026
Total Views |
फोटो: माहिम में जैश ए मोहम्मद संगठन का संदिग्ध आतंकी


मुंबई, 24 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड (एटीएस) ने माहिम इलाके से प्रतिबंधित आतंकी संगठन से जुड़े संदिग्ध आतंकी 33 वर्षीय मोहम्मद हसन अबू सरमद अख्तर को गिरफ्तार किया है।

आरोपित पर सोशल मीडिया के जरिए कथित तौर पर कट्टरपंथी विचारों का प्रचार करने के आरोप हैं। साथ ही आरोपित के मोबाइल फोन से कथित तौर पर भडक़ाऊ पोस्ट, मैसेज और संगठन के प्रमुख मसूद अजहर के भाषणों के ऑडियो क्लिप मिले हैं। इस मामले की गहन छानबीन एटीएस की टीम कर रही है।

इस मामले की जांच कर रहे एटीएस अधिकारी ने शनिवार को बताया कि उनकी टीम को इस संदिग्ध आतंकी के बारे में गोपनीय जानकारी मिली थी। इसके आधार पर आरोपित को शुक्रवार को माहिम मेट्रो स्टेशन के पास लक्ष्मी बिल्डिंग इलाके से गिरफ्तार किया गया। जांच एजेंसियां उसके मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट्स और ऑनलाइन गतिविधियों की पड़ताल कर रही हैं। आरोपित के पेशे को लेकर सामने आई जानकारी के अनुसार, वह परफ्यूम बेचने का काम करता है।

अब तक छानबीन के अनुसार आरोपित कथित तौर पर एक टेलीग्राम ग्रुप संचालित कर रहा था, जिस पर मसूद अजहर के भाषणों के ऑडियो क्लिप अपलोड किए गए थे। एटीएस को उसके मोबाइल फोन से जिहाद का समर्थन करने वाली सामग्री मिलने की बात भी सामने आई है। एजेंसियों को संदेह है कि आरोपित ने सोशल मीडिया पोस्ट और कमेंट्स के जरिए लोगों को हथियार उठाने के लिए उकसाने की कोशिश की। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के निष्कर्षों और संबंधित साक्ष्यों के आधार पर होनी बाकी है।

आरोपित पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मुंबई दौरे के दौरान सुरक्षा में कथित चूक से जुड़ी खबरों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का भी आरोप है। जांच में उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कथित तौर पर जिहाद की अपील करने, मुसलमानों से हथियार रखने और उठाने की बात कहने तथा कश्मीर में हिंदुओं पर प्रतिबंध लगाने की मांग से संबंधित टिप्पणियां सामने आने का दावा किया गया है।

इसके अलावा, एक कथित टिप्पणी में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का संदर्भ देते हुए प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ हिंसा की ओर संकेत किए जाने का आरोप भी है। एटीएस इन टिप्पणियों की सत्यता, उनके संदर्भ और आरोपित की ऑनलाइन गतिविधियों की जांच कर रही है।

एटीएस आरोपित के संभावित पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों से संपर्क और अन्य संदिग्धों के साथ उसके संबंधों की भी जांच कर रही है। पुलिस ने उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196(1) के तहत मामला दर्ज किया है।

फिलहाल, जांच एजेंसियां डिजिटल साक्ष्यों और सोशल मीडिया गतिविधियों की पड़ताल कर रही हैं। मामले में आगे की पूछताछ के बाद ही आरोपित के कथित संपर्कों और गतिविधियों के बारे में अधिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Tags