

- भोपाल में 12 दिवसीय स्वदेशी मेले का सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच हुआ भव्य शुभारंभ
भोपाल, 24 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य भारत प्रांत के सह संघचालक डॉ. राजेश सेठी ने कहा कि स्वदेशी केवल आर्थिक आत्मनिर्भरता का विषय नहीं है, बल्कि यह देश की संप्रभुता और सुरक्षा से भी जुड़ा हुआ है। स्वदेशी विदेशी कंपनियों के प्रभाव से देश को बचाने वाला रक्षा कवच है।
डॉ. सेठी शनिवार देर शाम भोपाल के शासकीय मोतीलाल विज्ञान महाविद्यालय परिसर में आयोजित स्वदेशी मेले के उद्घाटन समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वर्निम भारतवर्ष फाउंडेशन के समन्वय से आयोजित इस 12 दिवसीय मेले का उद्घाटन उत्साह और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच हुआ।
डॉ. सेठी ने कहा कि भारत को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ानी होगी। उन्होंने अंग्रेजों के शासन का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत से कपास ले जाकर यहां महंगे कपड़े बेचे जाते थे। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद भी विदेशी कंपनियों और तकनीक पर निर्भरता आर्थिक स्वतंत्रता के सामने चुनौती बनी हुई है।
महात्मा गांधी के स्वदेशी आंदोलन और नमक सत्याग्रह का उल्लेख करते हुए उन्होंने देश में निर्मित वस्तुओं को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने समाज से स्वदेशी की भावना को आत्मसात करने और अगले वर्ष इससे भी बड़े मेले के आयोजन का संकल्प लेने का आह्वान किया।
समारोह के विशिष्ट अतिथि एवं भोपाल के दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र के विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि स्वदेशी जागरण मंच लंबे समय से स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा दे रहा है। आज भारत चिप से लेकर जहाज तक बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वदेशी अभियान और हैंडलूम दिवस जैसे प्रयासों से नागरिकों और युवाओं में स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूकता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने से देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और भारत को विश्वगुरु बनाने के लक्ष्य को गति मिलेगी।
मेला संयोजक सतीश विश्वकर्मा ने कहा कि दुनिया में आर्थिक और सामरिक, दोनों तरह के संघर्ष होते हैं। भारत को सामरिक शक्ति के साथ आर्थिक रूप से भी मजबूत बनना होगा। उन्होंने बताया कि देशभर में लगभग 700 स्वदेशी मेले आयोजित करने की योजना है, जिनमें मध्य प्रदेश में 28 मेले आयोजित किए जाने हैं। इनका उद्देश्य भारतीय कंपनियों के उत्पादों को प्रोत्साहित करना और लोगों को स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में स्वावलम्बी भारत अभियान के अखिल भारतीय सह समन्वयक जितेंद्र गुप्ता, स्वदेशी जागरण मंच के मध्य क्षेत्र संयोजक सुधीर दाते, श्रीकांत भदौरिया, सीमा भारद्वाज, दीपक वर्मा, रमन तिवारी और विनय कुमार सेनी भी मौजूद रहे।
समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। गायक अमित शर्मा और सीमा पटेल ने भजनों की प्रस्तुति दी। इसमें फिल्म हनुमान अंश के प्रसिद्ध गीत ‘तेरे ही भरोसे हनुमान’ सहित अन्य भजन शामिल रहे। वी योग नृत्य अकादमी के बच्चों ने कथक प्रस्तुत किया, जबकि राजस्थानी लोकनृत्य घूमर ने कार्यक्रम में लोकसंस्कृति के रंग बिखेरे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर