प्रधानमंत्री मोदी रविवार को ओडिशा में आरबीआई के डेटा सेंटर का उद्घाटन करेंगे

24 Oct 2026 14:22:53
भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी


भुवनेश्वर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार, 25 अक्टूबर को ओडिशा के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह भुवनेश्वर में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के नवनिर्मित डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री शाम करीब 4:45 बजे इन सुविधाओं का उद्घाटन करने के बाद जनसभा को भी संबोधित करेंगे। भुवनेश्वर में स्थापित आरबीआई का डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान देश की वित्तीय प्रणाली के तकनीकी आधार को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इन सुविधाओं को भारतीय रिजर्व बैंक की कंप्यूटिंग संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ बैंकिंग एवं व्यापक वित्तीय क्षेत्र के लिए सुरक्षित, विश्वसनीय, विस्तार योग्य और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तकनीकी व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।

इस परियोजना के तहत चार अत्याधुनिक डेटा सेंटर स्थापित किए गए हैं। इनमें भुगतान एवं निपटान से जुड़ी महत्वपूर्ण प्रणालियों के साथ भारतीय रिजर्व बैंक की अन्य प्रमुख पहलों को संचालित किया जाएगा।

इस सुविधा को डेटा सेंटर अवसंरचना के लिए वैश्विक मानक माने जाने वाले अपटाइम इंस्टीट्यूट के टियर-IV मानक के तहत प्रमाणन प्राप्त हुआ है। यह मानक परिचालन विश्वसनीयता और बुनियादी ढांचे की मजबूती के सर्वोच्च स्तर को दर्शाता है। यह बैंकिंग, वित्तीय सेवा एवं बीमा (बीएफएसआई) क्षेत्र की दुनिया की सबसे बड़ी टियर-IV प्रमाणित सुविधाओं में से एक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो

Powered By Sangraha 9.0