नई टिहरी में हेलीकॉप्टर की एहतियाती लैंडिंग, छह यात्री सुरक्षित

24 Oct 2026 10:07:53
Helicopter makes precautionary landing in New Tehri


नई टिहरी, 24 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड के नई टिहरी में शनिवार सुबह चारधाम यात्रा में संचालित एक हेलीकॉप्टर को एहतियात के तौर पर बौराड़ी स्टेडियम में उतारा गया। हेलीकॉप्टर में मुंबई के छह यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित हैं। अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी दिक्कत की जांच के बाद हेलीकॉप्टर ने दोबारा गुप्तकाशी के लिए उड़ान भरी।

यह हेलीकॉप्टर ट्रांस भारत कंपनी का था और शनिवार सुबह करीब आठ बजे सहस्रधारा से गुप्तकाशी जा रहा था। इसी दौरान इसे नई टिहरी के बौराड़ी स्टेडियम में उतारा गया।

पायलट ने बताया कि यह आपातकालीन लैंडिंग नहीं, बल्कि एहतियात के तौर पर की गई लैंडिंग थी। हेलीकॉप्टर की जांच के दौरान तकनीकी खामी की पड़ताल की गई। इसके बाद हेलीकॉप्टर ने गुप्तकाशी के लिए उड़ान भरी।

स्थानीय निवासी परमानंद मैठाणी और विक्रम सिंह नेगी ने बताया कि वे सुबह टहलने जा रहे थे, तभी हेलीकॉप्टर तेजी से स्टेडियम में उतरा। उस समय मैदान में बच्चे भी खेल रहे थे, जो हेलीकॉप्टर को उतरता देखकर किनारे हो गए। लैंडिंग के दौरान स्टेडियम में काफी धूल उड़ने से आसपास के लोगों में हलचल मच गई।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Powered By Sangraha 9.0