रक्षामंत्री राजनाथ वाराणसी पहुंचे, एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं ने किया स्वागत

24 Oct 2026 18:12:53
Defence Minister Rajnath Singh arrived


वाराणसी, 24 अक्टूबर (हि.स.)। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह शनिवार शाम वाराणसी पहुंचे। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। स्वागत करने वालों में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य और भाजपा किसान मोर्चा उप्र के प्रदेश मंत्री शैलेष पांडेय समेत अन्य नेता शामिल रहे।

हवाईअड्डे पर स्वागत के बाद रक्षामंत्री शहर के लिए रवाना हो गए। वह भारतीय वायुसेना के 94 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रविवार को वाराणसी के नमोघाट पर आयोजित मेगा एयरशो ‘विंग्स ओवर गंगा’ के समापन समारोह में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भी विशेष मौजूदगी रहेगी।

वाराणसी प्रवास के दौरान राजनाथ सिंह शनिवार को श्री संकटमोचन मंदिर और कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे। इसके बाद वह छावनी क्षेत्र स्थित 39 जीटीसी परिसर के गेस्टहाउस में रात्रि विश्राम करेंगे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Powered By Sangraha 9.0