वाराणसी में मेगा एयर शो : दूसरे दिन राफेल-तेजस समेत लड़ाकू विमानों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब

24 Oct 2026 13:05:54
गंगा नदी के ऊपर करतब दिखाते विमान


वाराणसी, 24 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगांठ के मौके पर वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित तीन दिवसीय मेगा एयर शो के दूसरे दिन शनिवार को हेलीकॉप्टरों और लड़ाकू विमानों की गड़गड़ाहट से आसमान गूंज उठा। गंगा नदी के ऊपर विमानों के हैरतअंगेज हवाई करतब देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे। जीटी रोड पर भी दर्शकों की भीड़ उमड़ी। वहीं, गंगा के दूसरी ओर डोमरी क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में लोग हवाई प्रदर्शन देखने पहुंचे।

गंगा के ऊपर सुखोई-30 एमकेआई, राफेल, जगुआर, मिराज-2000, एलसीए तेजस और मिग-29 विमानों ने एरोहेड फॉर्मेशन में उड़ान भरकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। नमो घाट सहित विभिन्न घाटों पर मौजूद दर्शकों ने विमानों के शानदार करतब देखकर जमकर तालियां बजाईं और पायलटों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी ओर हाथ हिलाए।

प्रचंड फॉर्मेशन के माध्यम से भारतीय वायु सेना की अटूट युद्ध क्षमता, तत्परता और हवाई शक्ति का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान स्वदेशी एलसीए तेजस विमान अपने ‘अस्सी’ कॉलसाइन के साथ आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। तेजस ने कम ऊंचाई पर एरोबेटिक करतब दिखाकर दर्शकों में उत्साह भर दिया। राफेल लड़ाकू विमान का प्रदर्शन भी अपने अनूठे अंदाज और रोमांचक करतबों के कारण विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा।

रक्षा मंत्रालय (प्रयागराज) के प्रवक्ता एवं जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) देबार्थो धर ने बताया कि रविवार, 25 अक्टूबर को वाराणसी के नमो घाट पर भारतीय वायु सेना का भव्य हवाई प्रदर्शन होगा। उन्होंने कहा कि मेगा एयर शो के पहले दो दिनों के प्रदर्शन से भी बेहतर और रोमांचक प्रदर्शन रविवार को अपराह्न में देखने को मिलेगा। इस विशेष अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई प्रमुख गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Powered By Sangraha 9.0