मध्य प्रदेश में 1.5 लाख करोड़ की रेलवे परियोजनाओं पर चल रहा काम : अश्विनी वैष्णव

24 Oct 2026 18:03:53
ट्रेन सेवा का शुभारंभ करते केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव


ट्रेन सेवा का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव


- विंध्य-बुंदेलखंड को मिलीं दो मेमू ट्रेनों की सौगात, केन्द्रीय रेल मंत्री वैष्णव और मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिखाई हरी झंडी

सतना/सीधी, 24 अक्टूबर (हि.स.)। केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि मध्य प्रदेश में करीब ₹1.5 लाख करोड़ की रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से प्रदेश में कनेक्टिविटी मजबूत होगी, नए औद्योगिक कॉरिडोर विकसित होंगे।

यह बात केन्द्रीय रेल मंत्री वैष्णव ने शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ सतना–देवेंद्रनगर और रीवा–चुरहट रेलखंडों का वर्चुअली उद्घाटन करने के बाद कही। यह विंध्य क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। सतना–देवेंद्रनगर रेलखंड की लंबाई 53 किलोमीटर, जबकि रीवा–चुरहट रेलखंड की लंबाई 65 किलोमीटर है। इस अवसर पर देवेंद्रनगर–चुरहट ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश को मिली इस ऐतिहासिक सौगात से विंध्य क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी और यात्रियों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। प्रदेश में रेल नेटवर्क का निरंतर विस्तार हो रहा है, जिससे बेहतर कनेक्टिविटी के साथ व्यापार, पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिल रही है। केन्द्रीय मंत्री वैष्णव जी का हृदय से धन्यवाद देना चाहूँगा, जिनके नेतृत्व में भारतीय रेलवे का आमूलचूल परिवर्तन हुआ है। आज रेलवे देश के नागरिकों के प्रति श्रद्धा और कर्तव्यभाव के साथ अपनी सेवाएँ प्रदान कर रहा है।

विंध्य-बुंदेलखंड को दो नई मेमू ट्रेनों की सौगात मिली है। ट्रेन के उद्घाटन के दिन यात्रियों को मुफ्त सफर का मौका मिला। नागौद स्टेशन पर सांसद विष्णुदत्त शर्मा डफली बजाते नजर आए। वहीं ट्रेन में सवार बच्चियों ने गाने गाकर डांस किया। यात्रियों ने गीत-संगीत के साथ ट्रेन शुरू होने की खुशी मनाई। फुलवारी स्टेशन पर मेमू ट्रेन के पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने जोरदार स्वागत किया। ट्रेन को देखने और स्वागत करने के लिए बड़ी संख्या में लोग स्टेशन पर पहुंचे। नई ट्रेन सेवा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।

यात्रियों ने कहा कि चुरहट और सीधी क्षेत्र के लोगों का लंबे समय से ट्रेन का इंतजार अब पूरा होने की ओर है। छुही घाट से रामपुर नैकिन होते हुए पन्ना और सीधी की ओर मेमू ट्रेन सेवा शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी है। ट्रेन शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को आने-जाने में आसानी होगी। ये मेमू ट्रेनें रविवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन चलेंगी। नियमित संचालन 26 अक्टूबर से शुरू होगा।

ट्रेन में सफर के दौरान उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि दिसंबर तक ट्रेन सुविधा सीधी तक पहुंच जाएगी। सीधी-सिंगरौली के बीच 16 सुरंगों का काम चल रहा है। लक्ष्य है कि दिसंबर 2028 तक रेल कनेक्टिविटी सिंगरौली तक पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि यह रेल लाइन सिर्फ पटरी नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास के लिए इकोनॉमिक कॉरिडोर और लाइफलाइन साबित होगी। रेल सुविधा की कमी के कारण क्षेत्र का अपेक्षित विकास नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा और सतना सांसद लगातार रेल मंत्री से मिलकर परियोजना को गति देने के प्रयास करते रहे हैं।

रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा ने ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर विंध्य के विकास की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 1956 में कांग्रेस सरकार ने 10 साल में रेल लाइन पूरी करने का वादा किया था, लेकिन 1966 तक काम पूरा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि 1977 में तत्कालीन रेल मंत्री प्रो. मधु दंडवते ने पहली बार इस रेल लाइन के सर्वे का आदेश दिया था। 2014 में नरेन्द्र मोदी सरकार बनने के बाद परियोजना को प्राथमिकता दी गई। उन्होंने रेल लाइन की प्रगति का श्रेय भाजपा सरकार और क्षेत्र के सांसदों के प्रयासों को दिया। कार्यक्रम में सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी, सतना सांसद गणेश सिंह और नागौद विधायक नागेंद्र सिंह शामिल हुए।

गौरतलब है कि विशेष रूप से सीधी जिले का रेल नेटवर्क से जुड़ना ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। आजादी के बाद पहली बार सीधी जिला सीधे रेल संपर्क से जुड़ेगा। इससे जिले के नागरिकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों और मरीजों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही, क्षेत्र के लोगों को बड़े शहरों और प्रमुख बाजारों तक पहुंचने के लिए अधिक सुगम परिवहन विकल्प उपलब्ध होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Powered By Sangraha 9.0