फ्रेंच ओपन के फाइनल में हारीं पीवी सिंधु, एन से-यंग ने जीता खिताब

25 Oct 2026 19:31:53
पीवी सिंधु फाइल फोटो @पीवी सिंधु इंस्टाग्राम


पेरिस, 25 अक्टूबर (हि.स.)। भारत की दो बार की ओलंपिक पदक विजेता स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु बीडब्ल्यूएफ फ्रेंच ओपन 2026 का खिताब जीतने से चूक गईं। उन्हें रविवार को खेले गए महिला एकल के फाइनल में दक्षिण कोरिया की विश्व नंबर एक खिलाड़ी एन से-यंग के खिलाफ तीन गेम तक चले मुकाबले में 21-16, 11-21, 12-21 से हार का सामना करना पड़ा।

एरिना ग्रैंड पेरिस में खेले गए फाइनल में सिंधु ने शानदार शुरुआत करते हुए पहला गेम 21-16 से जीत लिया। हालांकि, इसके बाद एन से-यंग ने जोरदार वापसी की। दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी ने दूसरे गेम में 21-11 से जीत दर्ज कर मुकाबले में बराबरी की और फिर तीसरे गेम में 21-12 से जीत हासिल करते हुए खिताब पर कब्जा जमा लिया।

विश्व रैंकिंग में 11वें स्थान पर काबिज सिंधु ने सेमीफाइनल में जापान की हिना अकेची को 21-10, 20-22, 21-16 से हराकर पहली बार फ्रेंच ओपन के फाइनल में जगह बनाई थी। हालांकि, खिताबी मुकाबले में वह अपनी शुरुआती बढ़त को बरकरार नहीं रख सकीं।

इस जीत के साथ एन से-यंग ने सिंधु के खिलाफ अपना शानदार रिकॉर्ड भी कायम रखा। दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक खेले गए सभी 11 मुकाबलों में दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी ने जीत दर्ज की है। इससे पहले वह सिंधु के खिलाफ लगातार 10 मुकाबले जीत चुकी थीं।

सिंधु के लिए यह इस साल का दूसरा सुपर 750 टूर्नामेंट का फाइनल था। इससे पहले उन्होंने जुलाई में जापान ओपन का खिताब जीता था। उस टूर्नामेंट के फाइनल में सिंधु ने जापान की तीन बार की विश्व चैंपियन अकाने यामागुची को हराकर खिताब अपने नाम किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Powered By Sangraha 9.0