
लिंकन (न्यूजीलैंड), 25 अक्टूबर (हि.स.)। इंडिया-ए और न्यूजीलैंड-ए के बीच खेले जा रहे पहले अनऑफिशियल टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल समाप्त हो गया है। पहली पारी में महज 113 रन पर सिमटने वाली भारतीय टीम ने दूसरी पारी में दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक दो विकेट के नुकसान पर 106 रन बना लिए हैं। इंडिया ए अभी भी न्यूजीलैंड-ए से 98 रन पीछे है। मेजबान टीम ने पहली पारी में 317 रन बनाकर 204 रन की बढ़त हासिल की थी।
दूसरे दिन भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल पांच रन बनाकर आउट हो गए, जबकि केएल राहुल सिर्फ चार रन ही बना सके। दोनों बल्लेबाज पहली पारी में भी खास योगदान नहीं दे पाए थे। दूसरी पारी में महज 10 रन के स्कोर पर दो विकेट गिरने के बाद देवदत्त पडिक्कल और साई सुदर्शन ने जिम्मेदारी संभाली और न्यूजीलैंड-ए के गेंदबाजों का डटकर सामना किया। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए नाबाद 96 रन की अटूट साझेदारी की।
दिन का खेल समाप्त होने तक पडिक्कल 89 गेंदों पर नाबाद 56 रन बना चुके थे, जबकि साई सुदर्शन ने 104 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 39 रन बनाए।
इससे पहले न्यूजीलैंड-ए ने दूसरे दिन सुबह अपनी पहली पारी तीन विकेट पर 135 रन से आगे बढ़ाई और 89.3 ओवर में 317 रन बनाए। इस तरह उसे पहली पारी के आधार पर 204 रन की बढ़त मिली।
न्यूजीलैंड-ए के कप्तान रीस मारियू ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 137 गेंदों पर 76 रन बनाए। डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने 51 रन की पारी खेली। इसके अलावा सलामी बल्लेबाज कर्टिस हीफी ने 44, क्रिस्टियन क्लार्क ने 42 और विकेटकीपर मिशेल हे ने 24 रन का योगदान दिया।
भारतीय गेंदबाजों में अंशुल कंबोज और औकिब नबी ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। अंशुल ने 52 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि औकिब नबी ने 69 रन खर्च कर तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। आकाश दीप को दो विकेट मिले, जबकि मुकेश चौधरी और वाशिंगटन सुंदर ने एक-एक विकेट हासिल किया।
मुकाबले की पहली पारी में बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया-ए की टीम न्यूजीलैंड-ए के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई और पूरी टीम महज 113 रन पर आउट हो गई। देवदत्त पडिक्कल ने पहली पारी में 32 रन बनाए, जबकि यश राठौर 44 रन बनाकर नाबाद रहे। हालांकि, दूसरे छोर से उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिला और भारतीय टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही। न्यूजीलैंड-ए की ओर से पहली पारी में साइमन कीन ने घातक गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट अपने नाम किए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह