झांसी की बेटी अदिति भटनागर अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाएंगी भारत का गौरव

25 Oct 2026 21:32:53
अदिति का फोटो


झांसी, 25 अक्टूबर (हि.स.)। वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की शौर्यभूमि झांसी के प्रेमगंज निवासी डॉ. अर्चना भटनागर की बेटी अदिति भटनागर अपनी प्रतिभा, मेहनत और उपलब्धियों के दम पर बुंदेलखंड का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन करने जा रही हैं। नवंबर में थाईलैंड के फुकेत में आयोजित होने वाली मिस प्लानेट इंटरनेशनल प्रतियोगिता में वह 110 देशों की प्रतिभागियों के बीच भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

सौंदर्य प्रतियोगिताओं के क्षेत्र में पहचान बना चुकीं अदिति वर्ष 2023 में मिस प्लानेट इंडिया तथा मिस ग्लोब इंडिया 2026 के माध्यम से भारतीय संस्कृति, परंपरा और गौरव को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत कर चुकी हैं। उनकी इस उपलब्धि से झांसी और बुंदेलखंड के लोगों में उत्साह है।

अदिति का लक्ष्य केवल सौंदर्य और व्यक्तित्व प्रदर्शन तक सीमित नहीं है। वह सामाजिक कल्याण, स्वस्थ जीवनशैली और जागरूकता को भी अपने अभियान का हिस्सा बना रही हैं।

सनशाइन स्किन्स की डॉ अर्चना के सहयोग से पांच जरूरतमंद युवतियों को विवाह के अवसर पर निःशुल्क सौंदर्य उपचार उपलब्ध कराने की पहल की गई है। इसका उद्देश्य युवतियों में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें जीवन की नई शुरुआत के लिए सकारात्मक ऊर्जा देना है।

वह मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए भी प्रयासरत हैं।

अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी में मोना’ज क्लोसेट ने उनके गाउन की डिजाइनिंग और तैयारी में सहयोग किया है। झांसी की समाजसेविका नीति शास्त्री ने भी उन्हें शुभकामनाएं देकर प्रोत्साहित किया।

अदिति इससे पहले नेपाल के काठमांडू में आयोजित इंटरनेशनल यूथ गॉस 2025 में योग में कांस्य पदक हासिल कर चुकी हैं। प्रेमगंज की गलियों से अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंची अदिति की यात्रा प्रतिभा, संकल्प और सामाजिक सरोकार का प्रेरक उदाहरण है। अब फुकेत में होने वाली प्रतियोगिता में उनकी प्रस्तुति पर झांसी सहित पूरे देश की नजर रहेगी।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Powered By Sangraha 9.0