
मुंबई, 25 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के जलगांव जिले के किनगांव में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के दशहरे के जुलूश का विरोध करते हुए पुलिस पर पथराव कर दिया था। इस घटना के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर स्थिति पर काबू पाया और मामले में दर्जनों विरोध करने वालों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद आरएसएस का जुलूश निकाला गया। यहां स्थिति तनावपूर्ण लेकिन शांत है। इस मामले की छानबीन जलगांव पुलिस कर रही है।
महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन ने कहा कि देश में किसी भी धर्म के लोगों को शांतिपूर्वक जुलूश निकालने की आजादी है। किसी भी समाज को किसी भी समाज के जुलूश का विरोध नहीं करना चाहिए। किनगांव में भी आरएसएस का जुलूश संवैधानिक परिधि में ही निकाला गया था। इस मामले में पुलिस अपना काम कर रही है।
इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि किनगांव में आरएसएस को दशहरा जुलूश निकालने की पुलिस अनुमति दी गई थी। इसी वजह आरएसएस की ओर से आज सुबह जुलूश निकाला जा रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों जुलूश के मस्जिद के सामने से गुजरने पर विरोध जताया। इसके बाद कुछ मुस्लिम महिलाएं मस्जिद के बाहर सडक़ पर बैठ गईं और प्रदर्शन करने लगीं। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच पथराव की घटना सामने आई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस मामले में भारी मात्रा में आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप गावित, संभागीय पुलिस अधिकारी अनिल बडगुजर समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे ने बताया कि अब स्थिति शांतिपूर्ण है और किनगांव में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं। उन्होंने कहा कि आरएसएस के दशहरा जुलूश का एक समूह ने विरोध किया था। पुलिस ने करीब ढाई घंटे तक प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। श्रीकांत धिवरे ने बताया कि पुलिस ने कानून के प्रावधानों के तहत मार्च निकालने की अनुमति दी थी। उन्होंने कहा कि निर्धारित मार्ग पर मार्च निकालने से रोकने की कोशिश के बाद पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया। इसके बाद मार्च शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि घटना के सिलसिले में कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल, पुलिस इलाके में स्थिति पर नजर बनाए हुए है और शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए सुरक्षा बल तैनात हैं।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव