
नई दिल्ली, 25 अक्टूबर (हि.स.)। सोमवार यानी 26 अक्टूबर से शुरू होने वाले कारोबारी सप्ताह के दौरान प्राइमरी मार्केट में तेज हलचल रहने वाली है। इस सप्ताह ईएएए इंडिया अल्टरनेटिव्स समेत 9 कंपनियां अपने आईपीओ लॉन्च कर रही हैं, जिनकी मदद से प्राइमरी मार्केट से करीब 2,950 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी है। इनमें से छह कंपनियां मेनबोर्ड सेगमेंट की हैं, जबकि तीन कंपनियां एमएमई सेगमेंट से हैं।
इस सप्ताह के पहले कारोबारी दिन 26 अक्टूबर को एडेलवाइस फाइनेंशियल सर्विसेज की सहायक कंपनी ईएएए इंडिया अल्टरनेटिव्स लिमिटेड का 1,200 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में 28 अक्टूबर तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 1,585 रुपये से लेकर 1,665 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। यह पूरा इश्यू पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) पर आधारित है। मतलब इस आईपीओ से कंपनी को कोई फंड प्राप्त नहीं होगा। पूरी रकम प्रमोटर शेयरधारकों के पास जाएगी। कंपनी ने लॉन्चिंग से पहले ही एंकर निवेशकों से करीब 360 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं।
इस सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन 27 अक्टूबर को वेस्टवाटर ट्रीटमेंट सॉल्यूशंस देने वाली कंपनी एसएफसी एनवायरमेंटल टेक्नोलॉजीज का 668 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में निवेशक 29 अक्टूबर तक बोली लगा सकेंगे। एसएफसी एनवायरमेंटल ने अपने आईपीओ के लिए 313 रुपये से लेकर 330 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है, जिसमें 150 करोड़ रुपये के फ्रेश शेयर और प्रमोटरों द्वारा 1.57 करोड़ शेयरों का ऑफर फॉर सेल शामिल है।
इसी दिन पॉलीमर सेक्टर की कंपनी बीएलएस पॉलीमर्स लिमिटेड का 255 करोड़ रुपये का आईपीओ भी सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस पब्लिक इश्यू में भी निवेशक 29 अक्टूबर तक बोली लगा सकेंगे। इस आईपीओ के लिए बीएलएस पॉलीमर्स ने 142 रुपये से लेकर 150 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड निर्धारित किया है। आईपीओ के जरिये कंपनी 1.7 करोड़ नए शेयर जारी करने वाली है।
इसके अगले दिन 28 अक्टूबर को ज्वेलरी रिटेल सेक्टर की कंपनी एमके संस फाइन ज्वेल्स लिमिटेड का 275.4 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा, जिसमें निवेशक 30 अक्टूबर तक बोली लगा सकेंगे। कंपनी ने इस आईपीओ के लिए 153 रुपये से लेकर 162 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड निर्धारित किया है। इस इश्यू के तहत 1.36 करोड़ फ्रेश शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि प्रमोटर रामचंद मुरलीधर रायमलानी द्वारा 34 लाख शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल के जरिए की जाएगी।
इसी दिन गोल्ड और डायमंड ज्वेलरी का कारोबार करने वाली कंपनी एमके संस फाइन ज्वेल्स लिमिटेड का 275.40 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में भी 30 अक्टूबर तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 153 रुपये प्रति शेयर से 162 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। इसके लिए लॉट साइज 91 शेयरों का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग चार नवंबर को बीएसई और एनएसई पर हो सकती है।
28 अक्टूबर को ही मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की कंपनी अज्वा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड का 38.05 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में 30 अक्टूबर तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 203 रुपये प्रति शेयर का फिक्स प्राइस तय किया गया है। इसके लिए लॉट साइज 600 शेयरों का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग चार नवंबर को बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर हो सकती है।
इसके अलावा बुधवार को ही कार्वर रोबोवेल्ड लिमिटेड का 28.29 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में भी 30 अक्टूबर तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 76 रुपये प्रति शेयर से 80 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। इसके लिए लॉट साइज 1,600 शेयरों का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग चार नवंबर को बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर हो सकती है।
सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन 29 अक्टूबर को स्टील प्रोसेसिंग क्षेत्र की कंपनी बॉम्बे कोटेड एंड स्पेशल स्टील्स लिमिटेड का 183.1 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस पब्लिक इश्यू में निवेशक 2 नवंबर तक बोली लगा सकेंगे। कंपनी ने इस आईपीओ के लिए 78 रुपये से लेकर 82 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड निर्धारित किया है। यह आईपीओ पूरी तरह से नए शेयरों का होगा। कंपनियों द्वारा आईपीओ से जुटाए जाने वाले इस पैसे का इस्तेमाल मुख्य रूप से कर्ज चुकाने, बिजनेस का विस्तार करने और वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने में किया जाएगा।
इसके अलावा अंताला इंडस्ट्रीज का 23.33 करोड़ रुपये का आईपीओ भी 29 अक्टूबर को ही सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में भी 2 नवंबर तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 63 रुपये प्रति शेयर से 67 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। इसके लिए लॉट साइज 2,000 शेयरों का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग पांच नवंबर को बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर हो सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक