प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात में मप्र की शिवानी के अंगदान का किया उल्लेख

25 Oct 2026 17:37:53
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का फाइल फोटो


“मन की बात “ कार्यक्रम सुनते हुए मुख्यमंत्री डॉ . मोहन यादव


भोपाल, 25 अक्टूबर (हि.स.) । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी मन की बात कार्यक्रम में रविवार को मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले की शिवानी के परिवार द्वारा लिए गए अंगदान के निर्णय का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने परिवार के इस फैसले की सराहना करते हुए इसे सभी के लिए प्रेरणा बताया। जिसके लिए मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री मोदी का आभार माना है। उन्होंने मुख्यमंत्री निवास में कार्यक्रम का श्रवण किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात के 139 वें एपिसोड में मेडिकल क्षेत्र में देश में हो रही शोध और नवाचार पर चर्चा करते हुए कहा कि एडवांस रिसर्च में आर्गन डोनेशन की बहुत बड़ी भूमिका होती है। ऐसे लोग जो अपना जीवन पूरा करने के बाद आर्गन डोनेट करके जाते हैं, वो कितने ही लोगों का जीवन भी बचाते हैं और रिसर्च को भी संभव बनाते हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसा ही एक उदाहरण है - मध्यप्रदेश में नर्मदापुरम की शिवानी का है। शिवानी के सड़क दुर्घटना की शिकार होने पर परिवार ने कठिन समय में भी ऐसा निर्णय लिया, जो हम सभी के लिए प्रेरणा है। यह फैसला था सड़क दुर्घटना की पीड़िता शिवानी के अंग दान का। शिवानी के परिवार के इस फैसले से समाज और देश के लिए एक बड़ा संदेश गया है। मानवता के एैसे एक कदम से किसी परिवार में खुशियां फिर से लौट सकती हैं और साथ ही रिसर्च के कामों में भी बड़ी मदद मिलती हैं।

गौरतलब है कि, मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के बनखेड़ी ब्लॉक स्थित खापा खुर्द गांव की रहने वाली शिवानी शर्मा एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई थी। जिसके बाद उन्हें भोपाल स्थित एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें ब्रेन-डेड घोषित किया। ब्रेन-डेड होने के बाद परिवार ने इस अत्यधिक दुख की घड़ी में साहसिक और संवेदनशील फैसला लेते हुए उनके अंगों का दान किया, जिससे तीन गंभीर मरीजों को नया जीवन मिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Powered By Sangraha 9.0