एमआईसी ए को मिली जीत, रेलगांव और जैदी इंडोर क्लब ए का मैच टाई

25 Oct 2026 21:01:53
सूरज चौहान को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार देते आयोजन सचिव शमशाद अहमद का छाया चित्र


सैयद असद कासिम अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता

प्रयागराज, 25 अक्टूबर (हि.स.)। सैयद असद कासिम अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता में एमआईसी ए ने जैदी इंडोर क्लब बी को 23 रन से हराकर जीत दर्ज की। वहीं, रेलगांव क्लब और जैदी इंडोर क्लब ए के बीच खेला गया मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। दोनों टीमों ने निर्धारित प्रदर्शन के बाद 131-131 रन बनाए। प्रतियोगिता के अगले चरण में मंगलवार को दोनों सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।

मजीदिया इस्लामिया इंटर कॉलेज मैदान पर खेले गए पहले मैच में एमआईसी ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 164 रन बनाए। सूरज चौहान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 70 रन बनाए, जबकि अंश सिंह ने 24 रन का योगदान दिया। जैदी इंडोर क्लब बी की ओर से अर्श अहमद ने दो विकेट लिए। पवन, शिवांश मिश्रा और शुभ सोनी को एक-एक विकेट मिला।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी जैदी इंडोर क्लब बी की टीम निर्धारित प्रदर्शन में छह विकेट पर 141 रन ही बना सकी। वीर प्रताप ने नाबाद 73 रन की पारी खेली, जबकि दिव्यांश सिंह ने 25 और अर्श अहमद ने 14 रन बनाए। एमआईसी ए की ओर से नितीश कुमार ने दो विकेट 27 रन देकर और अल्तमश ने दो विकेट 31 रन देकर हासिल किए। शानदार बल्लेबाजी के लिए सूरज चौहान को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें आयोजन सचिव एवं पूर्व क्रिकेटर शमशाद अहमद ने पुरस्कार प्रदान किया।

रेलगांव और जैदी इंडोर क्लब ए के बीच रोमांचक मुकाबला टाई

दूसरे मैच में रेलगांव क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 131 रन बनाए। शादान अब्बास रिजवी ने 59 रन की पारी खेली, जबकि हर्षित जी सहाय ने 45 और जय वर्धन सिंह ने नाबाद 20 रन बनाए। जैदी इंडोर क्लब ए की ओर से हर्षित तिवारी ने दो विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी जैदी इंडोर क्लब ए की टीम भी सात विकेट पर 131 रन ही बना सकी। हर्षित तिवारी और हर्ष राज सिंह ने 43-43 रन बनाए, जबकि देवांश कुमार स्वप्निल ने 24 रन का योगदान दिया। रेलगांव क्लब की ओर से श्लोक चतुर्वेदी ने दो विकेट तीन रन देकर और मोहम्मद अकदस अली ने दो विकेट 13 रन देकर हासिल किए। शानदार प्रदर्शन के लिए हर्षित तिवारी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

मंगलवार को होंगे दोनों सेमीफाइनल

प्रतियोगिता के अगले चरण में मंगलवार को पहला सेमीफाइनल एमआईसी ए और जैदी इंडोर क्लब ए के बीच सुबह 8:30 बजे से खेला जाएगा। दूसरा सेमीफाइनल रेलगांव क्लब और सावित्री देवी क्लब के बीच दोपहर 12:30 बजे से होगा। दोनों मुकाबलों के विजेता फाइनल में जगह बनाने के लिए मैदान पर उतरेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Powered By Sangraha 9.0