खरगे की टिप्पणी पर धामी ने कांग्रेस को घेरा, कहा- व्यक्तिगत बयानबाजी तक सिमट रही राजनीति

25 Oct 2026 20:49:53
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी फाइल चित्र।


देहरादून, 25 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पिता के संबंध में कथित टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति जनहित के मुद्दों से भटककर व्यक्तिगत टिप्पणियों और मर्यादाहीन बयानबाजी तक सिमटती जा रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने रविवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की माता के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करने, उन्हें ‘मौत का सौदागर’ कहने और उनके साधारण पारिवारिक परिवेश पर ‘चायवाला’ कहकर कटाक्ष करने जैसी घटनाएं कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति पर सवाल खड़े करती हैं।

उन्होंने कहा कि बार-बार चुनावी हार के बावजूद कांग्रेस जनहित के मुद्दों पर आत्ममंथन करने के बजाय व्यक्तिगत टिप्पणियों को अपनी राजनीति का आधार बना रही है। धामी ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध की पूरी गुंजाइश है, लेकिन किसी के माता-पिता और परिवार को निशाना बनाना किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Powered By Sangraha 9.0