लोकसभा अध्यक्ष ने की यूएई की संघीय परिषद के अध्यक्ष से मुलाकात

26 Oct 2026 19:48:53
लोकसभा अध्यक्ष और यूएई की संघीय परिषद के अध्यक्ष


नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने 12वें ब्रिक्स संसदीय फोरम 2026 के अवसर पर यहां आए संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की फेडरल नेशनल काउंसिल के स्पीकर साकर घोबाश से मुलाकात की। दोनों देशों ने भारत और यूएई के बीच ऐतिहासिक मित्रता को अधिक मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इसके लिए संसदीय सहयोग, नियमित संवाद और संसदीय प्रतिनिधिमंडलों के आदान-प्रदान को बढ़ाने पर सहमति बनी।

दोनों नेताओं ने डिजिटल गवर्नेंस में सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने के अवसरों पर भी चर्चा की, जिसमें डिजिटल संसद, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, संसदीय समितियों की कार्यप्रणाली और ऑनलाइन एश्योरेंस मॉनिटरिंग सिस्टम शामिल हैं। विकसित भारत और यूएई के ‘वी द यूएई 2031’ विजन की साझा आकांक्षाओं पर जोर देते हुए व्यापार, निवेश, शिक्षा, युवा आदान-प्रदान और लोगों के बीच संबंधों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। दोनों ने भारत-यूएई संसदीय मैत्री समूह को दोनों देशों के सांसदों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण पुल के रूप में मान्यता दी।

दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान करते हुए शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने में संवाद और कूटनीति के महत्व को रेखांकित किया। लोकसभा अध्यक्ष ने वैश्विक मंचों पर भारत को यूएई के समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया और आपसी समृद्धि के लिए इस स्थायी रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Powered By Sangraha 9.0