ग्लोबल कैथोलिक कांग्रेस ने 'बाल विवाह मुक्त विश्व' अभियान का किया समर्थन

26 Oct 2026 19:58:53
चउकश्


नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (हि.स.)।

ग्लोबल कैथोलिक कांग्रेस ने 'बाल विवाह मुक्त विश्व' अभियान का समर्थन किया है। इसमें 44 देशों के ईसाई धर्म के प्रमुख धर्मगुरु शामिल रहे। सम्मेलन में भाग लेने वाले प्रतिनिधियों ने अपने-अपने समुदायों में बाल विवाह के खिलाफ लड़ाई लड़ने की शपथ भी ली। बाल अधिकार संरक्षण के लिए काम करने वाले नागरिक समाज संगठन जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन (जेआरसी) ने वर्ष 2030 तक बाल विवाह को खत्म करने के लक्ष्य के साथ यह वैश्विक अभियान शुरू किया है।

इटली की राजधानी रोम में आयोजित इस शिखर सम्मेलन में भारत, अमेरिका, कनाडा, अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, सिंगापुर, मध्य पूर्व और यूरोप समेत दुनिया के विभिन्न हिस्सों से वरिष्ठ कैथोलिक पादरियों, आर्चबिशप, बिशप और अन्य प्रमुख धर्मगुरु शामिल हुए। उनका यह समर्थन समाज में लोगों का मार्गदर्शन करने और प्रचलित कुप्रथाओं को चुनौती देने में धर्मगुरुओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करता है। ग्लोबल कैथोलिक कांग्रेस धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक और आर्थिक क्षेत्रों में कैथोलिक समुदाय के नागरिक और मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए काम करती है।

ग्लोबल कैथोलिक कांग्रेस के अध्यक्ष राजीव कोचुपरम्बिल ने कहा, “हर बच्चा गरिमा, शिक्षा, सुरक्षा और उम्मीद से भरा बचपन पाने का हकदार है। बाल विवाह खत्म करना हम सबकी सामूहिक नैतिक जिम्मेदारी है। इसके लिए परिवारों, समुदायों और धार्मिक संस्थाओं को एकजुट होकर खड़ा होना होगा। 44 देशों में ग्लोबल कैथोलिक कांग्रेस के सदस्यों का यह समर्थन बच्चों के संरक्षण और ऐसी दुनिया बनाने के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जहां किसी भी बच्चे से विवाह के नाम पर उसका बचपन न छीना जाए। अब हमें इस प्रतिबद्धता को ठोस कार्रवाई में बदलना होगा और वर्ष 2030 तक बाल विवाह मुक्त विश्व बनाने के लिए मिलकर काम करना होगा।”

इस वर्ष 27 नवंबर को पहली बार ‘बाल विवाह, कम उम्र और जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने सितंबर में इस संबंध में एक प्रस्ताव पारित किया था। 27 नवंबर को भारत सरकार की ओर से 2024 में शुरू किए गए बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की वर्षगांठ भी है।

जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के संस्थापक भुवन ऋभु ने इस समर्थन का स्वागत करते हुए कहा, “हम बाल विवाह मुक्त विश्व अभियान को ग्लोबल कैथोलिक कांग्रेस का समर्थन मिलने का हार्दिक स्वागत करते हैं। धर्मगुरुओं की आवाज समाज की अंतरात्मा को जगाने की ताकत रखती है और वे बाल विवाह रोकने में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं। उनकी सामूहिक प्रतिबद्धता एक स्पष्ट संदेश देती है कि कोई भी परंपरा या रीति-रिवाज बच्चों के अधिकारों के उल्लंघन को जायज नहीं ठहरा सकता। जब धर्म न्याय और बच्चों की सुरक्षा के साथ खड़ा होता है, तो बाल विवाह को एक ही दिन में खत्म किया जा सकता है। यह एकजुटता उस लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जहां हर बच्चे को सीखने, बढ़ने और अपनी पूरी क्षमता को साकार करने का अवसर मिले।”

सम्मेलन में शामिल प्रमुख नेताओं में ग्लोबल कैथोलिक कांग्रेस के अध्यक्ष राजीव कोचुपरम्बिल, ग्लोबल उपाध्यक्ष एवं मध्य पूर्व के जनरल कन्वीनर बेनी पुलिक्काकारा, महासचिव डॉ. जोसेकुट्टी जे. ओझुकयिल, पूर्व अध्यक्ष बीजू परायनिलयम, केरल सरकार के मंत्री एडवोकेट मॉन्स जोसेफ, केरल सरकार के चीफ व्हिप अपू जॉन जोसेफ, ग्लोबल उपाध्यक्ष जॉबी जॉर्ज, दिल्ली के अध्यक्ष एडवोकेट डॉ. के. सी. जॉर्ज, रोम की नगर पार्षद डॉ. टेरेसा लेस सेबेस्टियन, शेवेलियर प्रो. के. एम. फ्रांसिस शामिल थे।

सम्मेलन में शामिल होने वाले प्रमुख धर्मगुरु हिज बीटिट्यूड मेजर आर्चबिशप मार राफेल थाटिल, बिशप मार रेमिजियस इंचनानियिल, आर्चबिशप मार एंड्रयूज थाझथ, आर्चबिशप मार थरायल, हिज एक्सीलेंस बिशप मार जॉन नेल्लिकुन्नेल, अमेरिका के बिशप मार जॉय अलापट्ट, कनाडा के बिशप मार जोस कल्लुवेलिल, बिशप मार टोनी नीलंकविल तथा प्रमुख पादरी फादर डॉ. फिलिप कावियिल, मीडिया से जुड़े फादर जॉर्ज कुडिलिल, फादर सेबेस्टियन थूमुलिल, फादर हर्षजन पझायाट्टिल, फादर जॉन पुथुवा, खाड़ी देशों के अपोस्टोलिक विजिटर फादर जॉली वडक्कन, फादर माइकल वेट्टिकाट्टू, दीपिका के प्रबंध निदेशक (एमडी) फादर जियो कडावी थे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0