चुटहिल मनप्रीत सिंह एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर, विवेक सागर को मिली जगह

26 Oct 2026 16:22:53
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान हरमनप्रीत सिंह


जालंधर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय पुरुष हॉकी टीम को हीरो एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब-2026 से पहले झटका लगा है। पिंडली की मांसपेशियों में चोट के कारण पूर्व कप्तान और अनुभवी मिडफील्डर मनप्रीत सिंह टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह मिडफील्डर विवेक सागर प्रसाद को भारतीय टीम में शामिल किया गया है।

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने रविवार को जालंधर में छहों टीमों के कप्तानों की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इसकी जानकारी दी। भारत 27 अक्टूबर को बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले से अपने अभियान की शुरुआत करेगा। गत चैंपियन भारतीय टीम की नजरें छठी बार खिताब जीतने पर हैं। ऐसा करने पर भारत लगातार तीसरी बार एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम करेगा।

हरमनप्रीत ने कहा कि हर टीम यहां मुकाबला करने और टूर्नामेंट जीतने आई है। सभी टीमें मजबूत हैं और हम किसी भी प्रतिद्वंद्वी को हल्के में नहीं लेना चाहते। हर टीम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने आई है। उन्होंने कहा कि हमने काफी अनुभव हासिल किया है और एक टीम के रूप में परिपक्व हुए हैं। हम हर मुकाबले में एक जैसी मानसिकता के साथ उतरेंगे और प्रत्येक प्रतिद्वंद्वी को पूरा सम्मान देंगे।

भारतीय टीम क्रेग फुल्टन के मार्गदर्शन में टूर्नामेंट में उतरेगी। टीम ने हाल ही में जापान में एशियाई खेलों का स्वर्ण पदक सफलतापूर्वक बचाया था। कप्तान हरमनप्रीत सिंह की अगुआई में टीम उसी प्रदर्शन को जारी रखते हुए घरेलू सत्र का समापन खिताबी जीत के साथ करना चाहेगी। भारत अब तक 2011, 2016, 2018, 2023 और 2024 में एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी जीत चुका है। वर्ष 2018 में भारत और पाकिस्तान संयुक्त विजेता रहे थे। भारत ने पिछला खिताब चीन के हुलुनबुइर में जीता था, जहां फाइनल में जुगराज सिंह के निर्णायक गोल की मदद से उसने मेजबान चीन को 1-0 से हराया था।

मलेशिया और दक्षिण कोरिया से मिलेगी चुनौती

भारत को खिताब बचाने की राह में मलेशिया, दक्षिण कोरिया, जापान और चीन जैसी मजबूत टीमों से चुनौती मिलेगी। मलेशिया ने एशियाई खेलों में भारत के बाद रजत पदक जीता था। भारत और मलेशिया का लीग मुकाबला एक नवंबर को खेला जाएगा।

दक्षिण कोरिया की टीम भी एशियाई हॉकी की मजबूत दावेदारों में शामिल है। जापान की टीम एशियाई खेलों में पांचवें स्थान पर रही थी, जबकि बांग्लादेश भारत के खिलाफ मुकाबले से अपने अभियान की शुरुआत करेगा। चीन भी घरेलू मैदान पर पिछली हार का हिसाब चुकता करने की कोशिश करेगा।

टूर्नामेंट का यह नौवां संस्करण है। इसमें छह टीमें एक-दूसरे के खिलाफ एक-एक लीग मुकाबला खेलेंगी। लीग चरण के बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।

जालंधर में लीग मुकाबले, मोहाली में होंगे नॉकआउट मैच

टूर्नामेंट के सभी लीग मुकाबले 27 अक्टूबर से दो नवंबर तक जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। इसके बाद प्रतियोगिता मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में पहुंचेगी। यहां चार नवंबर को दोनों सेमीफाइनल होंगे, जबकि पांच नवंबर को कांस्य पदक और खिताबी मुकाबला खेला जाएगा।

भारतीय टीम 27 अक्टूबर को बांग्लादेश, 29 अक्टूबर को चीन, 30 अक्टूबर को जापान, एक नवंबर को मलेशिया और दो नवंबर को दक्षिण कोरिया से भिड़ेगी। बांग्लादेश के खिलाफ शुरुआती मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 7 बजकर 20 मिनट पर शुरू होगा। इससे पहले उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। भारत के बाकी लीग मुकाबले भारतीय समयानुसार शाम सात बजे से शुरू होंगे।

उद्घाटन समारोह में पंजाब के पारंपरिक भांगड़ा और गिद्धा नृत्य के साथ सिख मार्शल आर्ट गतका का प्रदर्शन होगा। समारोह में संगीत कार्यक्रम और लेजर शो भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। हॉकी इंडिया ने दोनों आयोजन स्थलों पर दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क रखने की घोषणा की है।

पंजाब को भारतीय हॉकी का पारंपरिक गढ़ माना जाता है। राज्य ने देश को कई दिग्गज खिलाड़ी दिए हैं और जालंधर का हॉकी से विशेष जुड़ाव रहा है। ऐसे में भारतीय टीम के पास घरेलू दर्शकों के सामने खिताब बचाने का सुनहरा अवसर होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0