—लखनऊ ने विन्ध्यांचल को 4-0 से पराजित किया,विजेता टीम की ओर से दीशू वर्मा ने हैट्रिक दागी
वाराणसी, 26 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय लखनऊ एवं उत्तर प्रदेश फुटबाल संघ के समन्वय से क्षेत्रीय खेल कार्यालय वाराणसी की ओर से 23 से 30 अक्टूबर, 2026 तक डॉ सम्पूर्णानन्द स्पोर्ट्स काम्पलेक्स सिगरामें खेली जा रही सीनियर पुरूष प्रादेशिक फुटबाल चैम्पियनशिप को लेकर खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह है। चैम्पियनशिप के चौथे दिन सोमवार को कुल आठ मैच खेले गए। जिसमें पहला मैच प्रयागराज बनाम मुरादाबाद मण्डल के मध्य खेला गया। जिसमें प्रथमार्द्ध में गोल शून्य रहने के बाद प्रयागराज ने मुरादाबाद को 1-0 से पराजित किया। विजेता टीम की ओर से खेल के 46वें मिनट मे सुजीत कुमार ने गोल किया।
दूसरा मुकाबला कानपुर मेरठ के मध्य खेला गया। जिसमें कानपुर ने मेरठ को 3-0 से पराजित किया। खेल के 32वें मिनट में प्रथम ने गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। 36वें मिनट में कानपुर के समीर ने कार्नर किक पर हेड द्वारा गोल कर बढ़त 2-0 की खेल के 58वें मिनट में अमित पाल ने गोल कर अपनी टीम के लिए विजयी गोल दागकर स्कोर 3-0 किया।
तीसरा मुकाबला बरेली बनाम झाॅसी के मध्य खेला गया। जिसमें बरेली 2-0 से विजयी रही। विजेता टीम की ओर से खेल के 65वें व 71वें मिनट में फैजान ने दोनो गोल दागे।
चौथे मुकाबले में अलीगढ़ मण्डल ने सहारनपुर को 6-0 से पराजित किया। खेल के 21वें मिनट में रजत ने, खेल के 27वें मिनट में अयाद ने, खेल के 32वें व 34वें मिनट में 02 गोल, खेल के 37वें मिनट में विकास ने, 57वें मिनट में कार्तिक ने तथा खेल के 58वें मिनट में अंकुष ने छठा गोल दागकर अपनी टीम को विजयी बनाया। पांचवें मुकाबले में देवीपाटन ने अयोध्या मण्डल को 3-0 से पराजित किया, विजेता टीम की ओर से दिव्यांशु द्विवेदी ने 26वें व 30वें मिनट में लगातार 02 गोल तथा खेल के 67वें मिनट में शुभाग ने अपनी टीम के लिए विजयी गोल दागा।
छठा मुकाबला मेजबान वाराणसी ने अपना तीसरा मुकाबला खेलते हुए बस्ती मण्डल को 4-1 गोलों से पराजित कर शानदार विजय दर्ज की। खेल के 06वें मिनट में अजय ने गोल कर बढ़त दिलाई । खेल के 09वें मिनट में अंकित सिंह ने गोल कर बढ़त 2-0 की खेल के 14वें मिनट में आशीष कुमार ने टीम के लिए तीसरा गोल दागा, खेल के 42वें मिनट में शुभम पटेल ने चौथा टीम के लिए विजयी गोल दागा। पराजित टीम की ओर से खेल के 78वें मिनट में तौसीफ ने गोल कर अन्तर 1-4 किया।
सातवें मुकाबले में गोरखपुर मण्डल ने चित्रकूट मण्डल को 4-0 से पराजित किया। विजेता टीम की ओर से खेल के 24वें मिनट में गौरव ने पेनाल्टी किक पर बढ़त 1-0 की। खेल के 33वें मिनट में सरफराज ने 2-0, खेल के 41वें मिनट में निखिल ने गोल कर 3-0, खेल के 46वें मिनट में पेनाल्टी किक पर नितिश श्याम ने गोल कर अपनी टीम को 4-0 से विजयी बनाया।
आठवां मुकाबला लखनऊ बनाम विन्ध्यांचल मण्डल के मध्य खेला गया। जिसमें लखनऊ ने विन्ध्यांचल को 4-0 से पराजित किया। विजेता टीम की ओर से दीशू वर्मा ने हैट्रिक सहित चारों गोल किए। खेल के 10वें और 22वें मिनट में मिली पेनाल्टी को गोल में बदलकर तथा खेल के 37वें व 55वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को विजयी बनाया। -
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी