महाराष्ट्र विधान परिषद की 5 सीटों की मतगणना में महायुति 3 सीटों और महाविकास अघाड़ी 2 सीटों पर आगे

27 Oct 2026 20:02:53

मुंबई, 27 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र विधान परिषद की 5 सीटों पर मंगलवार को सुबह से हो रही मतगणना में भाजपा-शिवसेना शिंदे समूह और राकांपा अजीत पवार महायुति के उम्मीदवार तीन सीटों पर आगे चल रहे हैं, जबकि महाविकास आघाड़ी के उम्मीदवार दो सीटों पर आगे चल रहे हैं। पांचों सीटों पर जीत-हार का फैसला देर रात तक आने की संभावना है।

महाराष्ट्र विधान परिषद के तीन स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। इन 5 सीटों पर कुल 182 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इन सीटों में पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र, नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र, संभाजीनगर स्नातक निर्वाचन, पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र और अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।

पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में महायुति के उम्मीदवार कौस्तुभ गावडे आगे चल रहे हैं हालांकि इस सीट पर महाविकास आघाड़ी के उम्मीदवार सचिन सनप गावड़े को कड़ी टक्कर दे रहे हैं।

अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में शिवसेना शिंदे गुट के किरण सरनाईक आगे चल रहे हैं। इस सीट पर भाजपा के अधिकृत उम्मीदवार अदिती पोहरे पीछे चल रही हैं। नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार सुधाकर कोहले आगे चल रहे हैं। हालांकि इस सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार अभिजीत बंजारी कोहले को कड़ी टक्कर दे रहे हैं।

पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में महाविकास आघाड़ी उम्मीदवार की हर्षदा देशमुख जाधव आगे चल रही हैं। यहां भाजपा की स्मिता जाधव पीछे चल रही हैं। संभाजी नगर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में महाविकास आघाड़ी के उम्मीदवार प्रतापसिंह पाटिल आगे चल रहे हैं। इस सीट पर महायुति के उम्मीदवार पीछे चल रहे हैं। इन पांचों सीटों पर मतगणना शांति पूर्वक जारी है, अंतिम परिणाम देर रात तक आने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Powered By Sangraha 9.0