
- मुख्यमंत्री ने युवाओं से किया संवाद, कहा- युवाओं के भरोसे भारत का लोकतंत्र सुरक्षित
भोपाल, 27 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य दिव्य धाम बनकर तैयार है। भारत दुनिया का सबसे युवा और सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। युवाओं के भरोसे ही भारत का लोकतंत्र सुरक्षित है और रहेगा। अमृतकाल में जब वर्ष 2047 में देश की आजादी के 100 वर्ष पूर्ण होंगे, तो भारत दुनिया का सबसे शक्तिशाली, समृद्ध और हर क्षेत्र में नम्बर एक देश बनेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को भोपाल के रायसेन रोड स्थित ओरिएंटल कॉलेज में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ युवा संवाद- 2026 कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पहली बार मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एम.पी.पी.एस.सी) की परीक्षा दो बार आयोजित करने का निर्णय लिया है। युवाओं का सम्मान, उनकी बेहतरी और उन्हें अधिकाधिक रोजगार देने के लिए सरकार सभी आवश्यक कदम उठा रही है। प्रदेश में 2027 युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बड़े भाई की भूमिका में युवाओं से संवाद किया और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। प्रारंभ में मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कॉलेज परिसर पहुंचने पर एनसीसी और एनएसएस के विद्यार्थियों ने उनका सलामी देकर स्वागत किया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री कृष्णा गौर विशेष रूप से उपस्थित थीं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने छात्रों से निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया, नागरिकों के मताधिकार, वोटर लिस्ट और चुनाव आयोग की भूमिका पर संवाद किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मतदाता सूची की जानकारी सही हो और चुनाव की शुद्धता के उद्देश्य से चुनाव आयोग ने एसआईआर सहित आवश्यक कदम उठाए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एशियन गेम्स में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 11 पदक अर्जित किए। इनमें से 5 स्वर्ण पदक हैं। राज्य सरकार युवाओं को खेल के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ा रही है।
मुख्यमंत्री का युवाओं ने किया भव्य स्वागत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार मंत्रालय से ओरिएंटल कॉलेज के कार्यक्रम में जाने के लिए निकले तो उनका मार्ग में युवाओं ने गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर स्वागत किया। युवाओं ने कहा कि मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा वर्ष में दो बार आयोजित करने का राज्य शासन का निर्णय सराहनीय है। इससे युवाओं को बड़ी संख्या में रोजगार मिलने की राह खुलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राज होम्स मार्केट भेल क्षेत्र में स्वागत करने वाले युवाओं से भेंट की और उन्हें आश्वस्त किया कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने युवाओं का स्वागत स्वीकार किया और उन्हें लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं सहित सभी अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में अच्छा परिणाम प्राप्त करने और अच्छे रोजगार से जुड़ने के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष रविन्द्र यति, ओरिएंटल कॉलेज के अध्यक्ष प्रवीण ठकराल, शिक्षक, स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर