आंध्र प्रदेश तट पर चक्रवात ‘अर्नब’ के मद्देनजर रेलवे की तैयारी तेज, 600 किमी रेलमार्ग पर निगरानी

27 Oct 2026 14:54:53
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव मंगलवार को राष्ट्रीय मीडिया केंद्र में पत्रकार वार्ता कों संबोधित करते हुए


नई दिल्ली, 27 अक्टूबर (हि.स.)। आंध्र प्रदेश के यानम के निकट 28 अक्टूबर को चक्रवात ‘अर्नब’ के संभावित दस्तक देने के मद्देनजर भारतीय रेलवे ने सुरक्षा सहित अन्य सभी प्रकार की तैयारियां तेज कर दी हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को कहा कि विजयवाड़ा और विशाखापत्तनम मंडलों में सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू कर दिए गए हैं और यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

वैष्णव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि चक्रवात से निपटने के लिए रेलवे के क्षेत्रीय, मंडलीय और रेलवे बोर्ड स्तर पर नियंत्रण कक्ष सक्रिय कर दिए गए हैं। प्रभावित हो सकने वाले क्षेत्रों में करीब 600 किलोमीटर रेलमार्ग पर चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि आपात मरम्मत और बहाली के लिए आवश्यक सामग्री से लदी राहत सामग्री वाली विशेष रेलगाड़ियां कृष्णा कैनाल, बिट्रागुंटा, मामिदिपुड़ी, विशाखापत्तनम, पलासा और पोंडुरु में तैनात की गई हैं। इसके अलावा प्रमुख जंक्शनों पर डीजल इंजन, बिजली आपूर्ति इकाइयां और एंबुलेंस तैयार रखी गई हैं।

रेल मंत्री के अनुसार, संभावित नुकसान से निपटने और रेल सेवाओं को जल्द बहाल करने के लिए अर्थमूवर, पेड़ काटने वाली मशीनें और अन्य आवश्यक उपकरण भी उचित दूरी पर तैनात किए गए हैं। हवा की गति और जलस्तर की हर घंटे जांच की जा रही है तथा वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।

वैष्णव ने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रबंधन अधिकारियों के साथ समन्वय किया जा रहा है। रेलवे ने चक्रवात के प्रभाव के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई के लिए व्यवस्था की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Powered By Sangraha 9.0