'ओम : चैप्टर 1' में साई पल्लवी की एंट्री, पोस्टर आया समाने

27 Oct 2026 13:39:53
साई पल्लवी - फोटो सोर्स एक्स


मुंबई, 27 अक्टूबर (हि.स.)। धनुष और ममूटी अभिनीत फिल्म 'ओम: चैप्टर 1' को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ती जा रही है। इसी बीच निर्माताओं ने फिल्म से साई पल्लवी के किरदार आईपीएस नित्या रेड्डी का नया टीजर जारी किया है।

इसमें अभिनेत्री खाकी वर्दी में एक दमदार अंदाज में नजर आ रही हैं। एक्शन-थ्रिलर फिल्म में उनकी भूमिका कहानी को किस दिशा में ले जाएगी, इसका खुलासा फिलहाल नहीं किया गया है। अपनी सहज अदाकारी और प्रभावशाली अभिनय के लिए पहचानी जाने वाली साई पल्लवी इस फिल्म में पहली बार एक पुलिस अधिकारी के किरदार में दिखाई देंगी।

आईपीएस नित्या रेड्डी के रूप में उनका लुक उनके पहले के किरदारों से अलग है। टीजर में उनके व्यक्तित्व की झलक पेश की गई है, लेकिन कहानी में उनकी भूमिका और दूसरे किरदारों के साथ उनके संबंधों को लेकर रहस्य बरकरार है। इस नए अवतार ने फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा दी है।

आरटेक स्टूडियोज की निर्माता श्रद्धा अग्रवाल ने साई पल्लवी को फिल्म का अहम हिस्सा बताते हुए कहा कि उनकी अदाकारी में ईमानदारी और सहजता नजर आती है। उन्होंने विश्वास जताया कि अभिनेत्री इस किरदार के साथ पूरा न्याय करेंगी। राजकुमार पेरियासामी के निर्देशन में बन रही 'ओम: चैप्टर 1' में धनुष, ममूटी और साई पल्लवी के अलावा श्रीलीला तथा नसीरुद्दीन शाह भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। आरटेक स्टूडियोज और वंडरबार फिल्म्स के बैनर तले बन रही यह फिल्म 20 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0