कर्टिस हेफी की जुझारू पारी के बावजूद खराब रोशनी के चलते भारत ए टीम का न्यूजीलैंड ए से मुकाबला ड्रॉ

27 Oct 2026 16:23:54
विकेट लेने के बाद खुशी मनाते भारत ए के खिलाड़ी


लिंकन, 27 अक्टूबर (हि.स.)। कर्टिस हेफी की नाबाद 90 रन की जुझारू पारी और खराब रोशनी के कारण भारतीय ए क्रिकेट टीम न्यूजीलैंड ए के खिलाफ चार दिवसीय पहले मुकाबले में जीत से एक विकेट दूर रह गई। न्यूजीलैंड ए ने दूसरी पारी में नौ विकेट पर 187 रन बनाए, जिसके बाद खराब रोशनी के कारण खेल रोकना पड़ा और मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ।

313 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड ए की टीम एक समय 170 रन पर नौ विकेट गंवा चुकी थी। हेफी और 11वें नंबर के बल्लेबाज जेडन लेनॉक्स ने आखिरी विकेट के लिए भारतीय गेंदबाजों को सफलता से दूर रखा। दोनों ने करीब 10 ओवर तक बल्लेबाजी की। दिन का खेल समाप्त होने में लगभग 17 ओवर बाकी थे, लेकिन खराब रोशनी के कारण अंपायरों ने खिलाड़ियों को मैदान से बाहर बुला लिया।

भारत ए की ओर से आकिब नबी ने आखिरी दिन शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने आठ गेंदों के भीतर तीन विकेट लेकर न्यूजीलैंड ए के शीर्ष क्रम को झकझोर दिया। उन्होंने अपने दूसरे ओवर की पहली गेंद पर राइस मारियू को बोल्ड किया। इसी ओवर की अंतिम गेंद पर टिम रॉबिन्सन को पगबाधा आउट किया। इसके बाद अपने तीसरे ओवर में मैथ्यू बॉयल को बोल्ड कर न्यूजीलैंड ए की मुश्किलें बढ़ा दीं।

13 रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद हेफी और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 78 रन जोड़े। फॉक्सक्रॉफ्ट 42 रन बनाकर मुकेश चौधरी की गेंद पर पुल शॉट खेलने के प्रयास में आउट हुए। इसके बाद मिचेल हे को अंशुल कंबोज ने विकेट के पीछे कैच कराया। 110 रन पर पांच विकेट गिरने के बाद न्यूजीलैंड ए की पारी लड़खड़ा गई।

टी ब्रेक से ठीक पहले वॉशिंगटन सुंदर ने छठा विकेट लेकर भारत ए को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। चाय के बाद कप्तान ध्रुव जुरेल ने देवदत्त पडिक्कल को गेंद सौंपी। पडिक्कल ने फ्रेजर शीट और जैक गिब्सन को लगातार आउट किया। दोनों बल्लेबाजों केएल राहुल के हाथों पहली स्लिप में कैच आउट हुए। न्यूजीलैंड ए ने महज 39 रन के भीतर चार विकेट गंवा दिए, लेकिन हेफी और लेनॉक्स ने खराब होती रोशनी का फायदा उठाते हुए मुकाबले को ड्रॉ करा दिया।

पडिक्कल के 199 रन से भारत ए ने की वापसी

इससे पहले भारत ए ने पहली पारी में 113 रन पर सिमटने के बाद शानदार वापसी की थी। न्यूजीलैंड ए ने पहली पारी में 317 रन बनाकर 204 रन की बढ़त हासिल की थी। इसके बाद भारत ए ने दूसरी पारी में 516 रन बनाकर मेजबान टीम के सामने 313 रन का लक्ष्य रखा।

दिन की शुरुआत भारत ए ने आठ विकेट पर 488 रन से की। वॉशिंगटन सुंदर अपने पिछले दिन के स्कोर में केवल एक रन जोड़कर 52 रन पर आउट हुए। आकाश दीप ने तेज और स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 17 गेंदों पर नाबाद 25 रन बनाए। भारत ए की दूसरी पारी 516 रन पर समाप्त हुई।

भारत ए की दूसरी पारी में देवदत्त पडिक्कल ने 199 रन बनाए, जबकि साई सुदर्शन ने 91 और राघव राठौड़ ने 66 रन का योगदान दिया। न्यूजीलैंड ए की ओर से जैक गिब्सन ने तीन विकेट लिए।

न्यूजीलैंड ए की पहली पारी में राइस मारियू ने 76 और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने 51 रन बनाए थे। भारत ए की ओर से अंशुल कंबोज और आकिब नबी ने पहली पारी में तीन-तीन विकेट लिए थे। नबी ने दूसरी पारी में भी तीन विकेट लेकर प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0