एलेक्सिया पुटेलास ने तीसरी बार जीता महिला बैलन डी’ओर, रचा इतिहास

27 Oct 2026 09:58:53
स्पेन की दिग्गज फुटबॉलर एलेक्सिया पुटेलास


लंदन, 27 अक्टूबर (हि.स.)। स्पेन की दिग्गज फुटबॉलर एलेक्सिया पुटेलास ने तीसरी बार महिला बैलन डी’ओर पुरस्कार जीतकर इतिहास रच दिया है। बार्सिलोना और स्पेन की पूर्व मिडफील्डर पुटेलास को सोमवार को लंदन के पैलेडियम थिएटर में आयोजित समारोह में 2026 का महिला बैलन डी’ओर प्रदान किया गया। उन्होंने इससे पहले 2021 और 2022 में भी यह प्रतिष्ठित पुरस्कार जीता था।

32 वर्षीय पुटेलास के लिए पिछला सत्र शानदार रहा। बार्सिलोना के साथ रहते हुए उन्होंने लीगा एफ, कोपा डे ला रेइना, स्पेनिश सुपर कप और यूईएफए महिला चैंपियंस लीग का खिताब जीता। स्पेन की राष्ट्रीय टीम ने भी उनके नेतृत्व में शानदार प्रदर्शन जारी रखा। टीम ने यूईएफए नेशंस लीग का खिताब जीता और यूरोपीय महिला चैंपियनशिप में उपविजेता रही।

पुरस्कार हासिल करने के बाद पुटेलास ने अपनी टीम की साथियों का आभार जताया। उन्होंने कहा, “मैं सबसे पहले अपनी साथियों को धन्यवाद देना चाहती हूं। मुझे लगता है कि यहां मौजूद कोई भी खिलाड़ी इस पुरस्कार को जीतने की हकदार थी और इस समय यहां खड़े होकर यह भाषण दे सकती थी। आप सभी के साथ खेलना मेरे लिए बेहद खुशी की बात है।”

उन्होंने आगे कहा कि टीम ने कई मुश्किलों, चोटों और अप्रत्याशित परिस्थितियों का सामना किया। कप्तान के रूप में उन्हें अपनी टीम पर गर्व है और साथियों के साथ बिताए अनुभव उनके लिए बेहद खास हैं।

युवा खिलाड़ियों को दिया खास संदेश

पुटेलास ने दुनिया भर के युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि उन्हें फुटबॉल पसंद है और वे इस खेल में करियर बनाना चाहते हैं, तो उन्हें अपने सपनों का पीछा करना चाहिए।

उन्होंने कहा, “दुनिया भर के लड़कों और लड़कियों से मैं कहना चाहती हूं कि अगर आपको फुटबॉल पसंद है और आप खेलना चाहते हैं, तो जरूर खेलें। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप लड़के हैं या लड़की, या आप कहां से आते हैं। अगर कोई आपसे कहता है कि आप ऐसा नहीं कर सकते, तो उसकी बात मत सुनिए। खुद पर विश्वास रखिए।”

बार्सिलोना के बाद लंदन में नया अध्याय

पुटेलास के लिए यह सम्मान इसलिए भी खास रहा क्योंकि समारोह लंदन में आयोजित हुआ, जहां वह अब अपने करियर का नया अध्याय शुरू कर चुकी हैं। बार्सिलोना के साथ 36 ट्रॉफियां जीतने के बाद वह इस साल महिला सुपर लीग की टीम लंदन सिटी लायनेस से जुड़ीं। वह बार्सिलोना की सबसे अधिक खिताब जीतने वाली महिला खिलाड़ी के रूप में क्लब से विदा हुईं।

तीसरी बार महिला बैलन डी’ओर जीतने के साथ पुटेलास ने अपनी हमवतन ऐताना बोनमती की बराबरी भी कर ली। बोनमती ने पिछले वर्ष लगातार तीसरी बार यह पुरस्कार जीतकर हैट्रिक पूरी की थी। अब दोनों स्पेनिश खिलाड़ियों के नाम महिला बैलन डी’ओर के तीन-तीन खिताब हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0