नई दिल्ली, 27 अक्टूबर (हि.स.)। गुजरात का अहमदाबाद शहर वर्ष 2029 में अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलन महासंघ (आईडब्ल्यूएफ) की विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। यह पहला अवसर होगा, जब भारोत्तोलन की इस प्रतिष्ठित वैश्विक प्रतियोगिता का आयोजन भारत में किया जाएगा। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे देश के खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलन महासंघ ने 25 अक्टूबर को चीन के निंगबो में हुई अपनी कार्यकारी बोर्ड की बैठक के बाद अहमदाबाद को मेजबान घोषित किया। इस आयोजन से भारत के अंतरराष्ट्रीय खेल कैलेंडर में एक और बड़ा मुकाबला जुड़ गया है। इससे पहले वर्ष 2026 में गुजरात के गांधीनगर में एशियाई भारोत्तोलन चैंपियनशिप आयोजित की गई थी।
अहमदाबाद को वर्ष 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी भी करनी है। ऐसे में 2029 की विश्व चैंपियनशिप भारत को अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों और खेल प्रशंसकों की मेजबानी का एक और अवसर प्रदान करेगी। साथ ही, भारतीय दर्शकों को दुनिया के शीर्ष भारोत्तोलकों को अपने देश में प्रतिस्पर्धा करते देखने का मौका मिलेगा।
भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा ने कहा कि विश्व चैंपियनशिप का अहमदाबाद आना भारतीय खेलों के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस आयोजन से देश में भारोत्तोलन को लोकप्रिय बनाने और नई पीढ़ी को खेल से जोड़ने में मदद मिलेगी।
उषा ने ओलंपिक पदक विजेता और विश्व चैंपियन मीराबाई चानू का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय भारोत्तोलन ने देश को कई उल्लेखनीय खिलाड़ी दिए हैं। इन खिलाड़ियों की उपलब्धियों ने देशभर में युवाओं को प्रेरित किया है। उनके मुताबिक, दुनिया के सर्वश्रेष्ठ भारोत्तोलकों को भारत में प्रतिस्पर्धा करते देखने से युवाओं को इस खेल में आगे बढ़ने और उच्चतम स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने का सपना देखने की प्रेरणा मिल सकती है।
भारतीय भारोत्तोलन महासंघ के अध्यक्ष सहदेव यादव ने कहा कि विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी मिलना भारतीय भारोत्तोलन के इतिहास में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने बताया कि भारत अब तक विश्व चैंपियनशिप में 18 पदक जीत चुका है, जिनमें तीन विश्व खिताब शामिल हैं।
यादव के अनुसार, 2029 का आयोजन इस विरासत को आगे बढ़ाने, देश में भारोत्तोलन को मजबूत करने और भारतीय खिलाड़ियों को घरेलू दर्शकों के सामने विश्वस्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव देने का अवसर होगा। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलन समुदाय का भारत में स्वागत करने की उम्मीद भी जताई।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय