तवांग में कल से शुरू होगा 14वां अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मार्ट, 22 देशों के 43 खरीदार होंगे शामिल

युगवार्ता    28-Oct-2026
Total Views |
तवांग में कल से शुरू होगा 14वां अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मार्ट


नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के तवांग में 29 से 31 अक्टूबर तक 14वां अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मार्ट आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय की ओर से आयोजित इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में पूर्वोत्तर क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों तथा विक्रेताओं सहित 200 से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। अंतरराष्ट्रीय खरीदार 22 देशों का प्रतिनिधित्व करेंगे।

पर्यटन मंत्रालय अरुणाचल प्रदेश सरकार और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों के सहयोग से इस कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है। 29 अक्टूबर को उद्घाटन समारोह में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, पर्यटन और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी तथा अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू शामिल होंगे। इस दौरान नॉर्थ ईस्ट बाजार का उद्घाटन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

मंत्रालय के अनुसार, मार्ट में ऑस्ट्रेलिया, भूटान, फ्रांस, जर्मनी, इंडोनेशिया, इटली, जापान, मलेशिया, फिलीपींस, पोलैंड, रूस, सिंगापुर, दक्षिण कोरिया, श्रीलंका, थाईलैंड, संयुक्त अरब अमीरात, ब्रिटेन और अमेरिका सहित 22 देशों के 43 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के भाग लेने की उम्मीद है। इसके अलावा पूर्वोत्तर के आठ राज्यों के घरेलू खरीदार, पर्यटन सेवा प्रदाता और विक्रेता भी शामिल होंगे।

कार्यक्रम में अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा के पर्यटन स्थलों तथा उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें इन राज्यों के प्रमुख आकर्षणों, पर्यटन अनुभवों और संयुक्त पर्यटन सर्किट की जानकारी दी जाएगी।

30 अक्टूबर को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों तथा पूर्वोत्तर के पर्यटन सेवा प्रदाताओं के बीच कारोबार से जुड़ी बैठकें होंगी। इन बैठकों का उद्देश्य पर्यटन कारोबार में सहयोग बढ़ाना, नए पर्यटन उत्पाद विकसित करना और क्षेत्र के उद्यमियों को बाजार तक पहुंच उपलब्ध कराना है।

मार्ट में पूर्वोत्तर में लाइव कार्यक्रमों और संगीत समारोहों से जुड़ी अर्थव्यवस्था तथा संरक्षित और प्रतिबंधित क्षेत्रों में पर्यटकों की पहुंच जैसे विषयों पर तकनीकी सत्र भी होंगे। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय लाइव कार्यक्रमों और संगीत समारोहों से जुड़े सत्र का नेतृत्व करेगा, जबकि गृह मंत्रालय संरक्षित और प्रतिबंधित क्षेत्रों में पर्यटकों की पहुंच के विषय पर सत्र का नेतृत्व करेगा। रॉयल एनफील्ड की ओर से पूर्वोत्तर में अनुभव आधारित पर्यटन पर प्रस्तुति भी दी जाएगी।

कार्यक्रम के तहत आयोजित नॉर्थ ईस्ट बाजार में क्षेत्र की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, वस्त्र और सांस्कृतिक विरासत प्रदर्शित की जाएगी। प्रतिनिधियों को आठों राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से भी परिचित कराया जाएगा।

प्रतिभागियों के लिए तवांग और आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों के भ्रमण की योजना बनाई गई है। इनमें तवांग मठ, जसवंत गढ़ युद्ध स्मारक, जंग जलप्रपात, तवांग युद्ध स्मारक, छठे दलाई लामा की जन्मस्थली उरग्येलिंग गोम्पा, बुद्ध पार्क, पांगकांग तेंग त्सो झील और शेरनुप गांव शामिल हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के लिए परिचयात्मक पर्यटन यात्राएं एक नवंबर से गुवाहाटी से शुरू होंगी।

मार्ट के साथ 30 अक्टूबर को पूर्वोत्तर राज्यों के पर्यटन मंत्रियों की क्षेत्रीय बैठक भी होगी। इसकी अध्यक्षता केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री करेंगे। बैठक में पूर्वोत्तर में पर्यटन विकास और राज्यों के बीच सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी।

उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मार्ट का आयोजन 13 साल बाद तवांग में हो रहा है। इससे पहले यहां इसका दूसरा संस्करण 2013 में आयोजित हुआ था। इस मार्ट का पिछला संस्करण नवंबर 2025 में सिक्किम के गंगटोक में हुआ था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags