
बेंगलुरु, 27 अक्टूबर (हि.स.)। कर्नाटक विधान परिषद की चार सीटों के चुनाव में अब तक दो सीटों के परिणाम घोषित हो चुके हैं। दोनों पर भाजपा–जेडी(एस) गठबंधन (एनडीए) के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। वहीं, शेष दो सीटों पर मतगणना जारी है और वहां भी एनडीए के उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं।
बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में एनडीए के उम्मीदवार एम.पी. रंगनाथ ने कांग्रेस के उम्मीदवार पुट्टन्ना को पराजित किया। वहीं, उत्तर-पूर्व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में एनडीए के उम्मीदवार शशिल नमोशी ने कांग्रेस के शरणप्पा मत्तूर को हराकर एक बार फिर विधान परिषद में जगह बनाई।
दक्षिण-पूर्व स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस के उम्मीदवार शशि हुलिकुंटेमठ और भाजपा के उम्मीदवार के.एम. सुरेश के बीच मुकाबला है। इस सीट पर भाजपा उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं।
इसी तरह, पश्चिम स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस के उम्मीदवार मोहन लिम्बिकाई और भाजपा के उम्मीदवार एस.वी. संकनूर के बीच मुकाबला जारी है। यहां भी भाजपा उम्मीदवार आगे चल रहे हैं।
अब तक घोषित परिणामों के अनुसार, एनडीए ने दो सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि शेष दो सीटों पर उसके उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं। दोनों सीटों पर मतगणना पूरी होने और आधिकारिक परिणाम घोषित होने के बाद चुनाव की अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.