कमलादेवी चट्टोपाध्याय एनआईएफ बुक प्राइज की लघु सूची में पांच पुस्तकें शामिल

28 Oct 2026 15:08:53
न्यू इंडिया फाउंडेशन (एनआईएफ) (लोगो)।


नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (हि.स.)। न्यू इंडिया फाउंडेशन (एनआईएफ) ने कमलादेवी चट्टोपाध्याय एनआईएफ बुक प्राइज 2026 के लिए पांच पुस्तकों की लघु सूची घोषित की है। वर्ष 2025 में प्रकाशित इन पुस्तकों में आधुनिक और समकालीन भारत के इतिहास, संविधान निर्माण, स्वतंत्रता के बाद देश के विकास और एशिया के विभाजन जैसे महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया है। लघु सूची में राजनेताओं, राजनयिकों और हिंदुस्तानी संगीत से जुड़ी ऐतिहासिक शख्सियतों के जीवन पर आधारित पुस्तकें भी शामिल हैं।

वर्ष 2026 के पुरस्कार के लिए गठित निर्णायक मंडल में टाटा संस और टाटा समूह के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन, राजनीति विज्ञानी नीरजा गोपाल जयाल, ट्राइलीगल के साझेदार राहुल माथन, विज्ञान इतिहासकार जाह्नवी फालके, इतिहासकार श्रीनाथ राघवन, भारत की पूर्व विदेश सचिव निरुपमा राव और उद्यमी मनीष सभरवाल शामिल थे।

कमलादेवी चट्टोपाध्याय एनआईएफ बुक प्राइज की लघु सूची में नारायणी बसु की ए मैन फॉर ऑल सीजंस: द लाइफ ऑफ के.एम. पणिक्कर (वेस्टलैंड-कॉन्टेक्स्ट), सैम डैलरिम्पल की शैटर्ड लैंड्स: फाइव पार्टीशंस एंड द मेकिंग ऑफ मॉडर्न एशिया (हार्पर कॉलिन्स-फोर्थ एस्टेट), रोहित डे और ऑर्नित शानी की असेम्बलिंग इंडियाज कॉन्स्टीट्यूशन: ए न्यू डेमोक्रेटिक हिस्ट्री (पेंगुइन रैंडम हाउस-एलन लेन), देवेश कपूर और अरविंद सुब्रमण्यम की ए सिक्स्थ ऑफ ह्यूमैनिटी: इंडिपेंडेंट इंडियाज डेवलपमेंट ओडिसी (हार्पर कॉलिन्स) तथा सुमना रामानन की द सीक्रेट मास्टर: अरुण काशलकर एंड ए जर्नी टू द एज ऑफ म्यूजिक (वेस्टलैंड-कॉन्टेक्स्ट) शामिल हैं।

निर्णायक मंडल की अध्यक्ष नीरजा गोपाल जयाल ने लघु सूची पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पांचों पुस्तकें भारत को समझने के लिए गहन और कल्पनाशील कथेतर लेखन के महत्व को दर्शाती हैं। ये पुस्तकें देश के अनुभवों के महत्वपूर्ण पहलुओं को सामने लाने में असाधारण हैं। लघु सूची में विद्वता और विषयों की व्यापकता भी उल्लेखनीय है।

पुरस्कार के विजेता की घोषणा दिसंबर 2026 में की जाएगी। पुरस्कार समारोह 12 दिसंबर को बेंगलुरु लिटरेचर फेस्टिवल में आयोजित होगा। विजेता लेखक को 15 लाख रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

वर्ष 2018 में शुरू किया गया कमलादेवी चट्टोपाध्याय एनआईएफ बुक प्राइज आधुनिक और समकालीन भारत पर कथेतर लेखन के लिए देश के प्रमुख साहित्यिक पुरस्कारों में शामिल है। इसके तहत मूल रूप से अंग्रेजी में लिखी गई या अंग्रेजी में अनूदित पुस्तकें सम्मानित की जाती हैं। पुरस्कार में कथेतर लेखन की विभिन्न शैलियों को शामिल किया जाता है।

इससे पहले वर्ष 2025 में अपराजित रामनाथ को इंजीनियरिंग ए नेशन: द लाइफ एंड करियर ऑफ एम. विश्वेश्वरैया, वर्ष 2024 में अशोक गोपाल को ए पार्ट अपार्ट: द लाइफ एंड थॉट ऑफ बीआर अंबेडकर और वर्ष 2023 में अक्षय मुकुल को राइटर, रेबेल, सोल्जर, लवर: द मैनी लाइव्स ऑफ अज्ञेय के लिए यह पुरस्कार दिया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Powered By Sangraha 9.0