
नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (हि.स.)। भारत ने कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए श्रीलंका को 45-24 से हरा दिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने ग्रुप चरण में अपने सभी छह मुकाबले जीतकर अजेय अभियान पूरा किया। भारत की जीत में पंकज मोहिते और आदित्य शिंदे की दमदार रेडिंग ने अहम भूमिका निभाई।
पंकज मोहिते ने सर्वाधिक 15 रेड अंक हासिल किए, जबकि आदित्य शिंदे ने 10 अंक जोड़े। डिफेंस में नितेश ने पांच और योगेश दहिया ने चार अंक हासिल किए। भारतीय टीम ने मुकाबले में 22 सफल रेड के साथ टैकल और ऑल आउट से भी महत्वपूर्ण अंक जुटाए। भारत की आक्रामक रणनीति के सामने श्रीलंका की टीम 24 अंकों तक ही पहुंच सकी।
बांग्लादेश ने स्कॉटलैंड को हराया
दिन के एक अन्य मुकाबले में बांग्लादेश ने स्कॉटलैंड को 70-20 से करारी शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। एमडी अल-अमीन ने 24 अंक जुटाकर टीम की जीत में प्रमुख योगदान दिया। एमडी हसीबुल हुसैन ने 12 और आकाश एमडी जुलफिकर ने छह अंक हासिल किए। स्कॉटलैंड की ओर से अरुण सिद्धू नौ अंकों के साथ सबसे सफल खिलाड़ी रहे।
तंजानिया ने इंग्लैंड को 36-27 से हराया। जुमा सुल्तानिया ने 11 और अली बकारी ने नौ अंक जुटाए। इंग्लैंड की ओर से फेलिक्स ली ने 12 अंक हासिल किए, लेकिन तंजानिया के मजबूत डिफेंस ने जीत सुनिश्चित की।
युगांडा ने नाइजीरिया को 48-23 से मात दी। मुटेबी साइमन ने 16 अंकों के साथ टीम का नेतृत्व किया, जबकि सेकामाट्टे रहीम ने नौ और न्गाबिरानो इनोसेंट ने सात अंक बनाए।
कनाडा और केन्या की भी शानदार जीत
कनाडा ने करीबी मुकाबले में सिंगापुर को 45-38 से हराया। मनप्रीत सिंह ने 16, अनमोल ठाकुर ने 11 और आनंद ने आठ अंक हासिल किए। सिंगापुर की ओर से ऐदिल अस्याराफ ने 10 और आदित सेंथिलकुमार ने नौ अंक बनाए।
दिन के अंतिम मुकाबले में केन्या ने ऑस्ट्रेलिया को 76-27 से हराकर बड़ी जीत दर्ज की। टोबियास किन्यवा मुरिथी ने 21 और स्टीफन अडोंगो ने 14 अंक जुटाए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से दिवोट सिंह ने 10 रेड अंक हासिल किए।
ग्रुप चरण में सभी छह मुकाबले जीतने के बाद भारतीय टीम की निगाहें अब सेमीफाइनल पर हैं। टीम 30 अक्टूबर को फिर मैदान पर उतरेगी और खिताब की ओर अपना अभियान आगे बढ़ाने की कोशिश करेगी।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय