हाइलो ओपन के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंची सिंधु, अश्मिता बाहर

29 Oct 2026 08:21:53
पीवी सिंधु


सारब्रुकेन (जर्मनी), 29 अक्टूबर (हि.स.)। भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने हाइलो ओपन 2026 में शानदार शुरुआत करते हुए यूएई की प्रकृति भरत को सीधे गेम में हराकर महिला एकल के प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। वहीं, भारत की अश्मिता चालिहा को पहले दौर में हार का सामना करना पड़ा।

दूसरी वरीयता प्राप्त सिंधु ने राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में भरत को महज 28 मिनट में 21-10, 21-10 से शिकस्त दी। अब उनका सामना फ्रांस की रोसी ओक्टाविया पंकसारी से होगा।

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु फ्रेंच ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के बाद इस प्रतियोगिता में उतरी हैं। उन्होंने फ्रेंच ओपन के फाइनल तक का सफर तय किया था, जहां उन्हें विश्व की नंबर एक खिलाड़ी दक्षिण कोरिया की आन से यंग के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।

अश्मिता पहले दौर में हारीं

दूसरी ओर, महिला एकल में भारत की अश्मिता चालिहा का सफर पहले दौर में ही समाप्त हो गया। उन्हें बुल्गारिया की कालोयाना नलबांतोवा ने 54 मिनट तक चले मुकाबले में 18-21, 21-12, 21-8 से हराया।

अश्मिता ने भी पेरिस में फ्रेंच ओपन में अच्छा प्रदर्शन किया था और क्वार्टर फाइनल तक पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने जापान की अकाने यामागुची को हराकर प्रभावित किया था, लेकिन हाइलो ओपन में वह अपना पिछला प्रदर्शन दोहरा नहीं सकीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0