रवि, देवांश और देवांशु के दम पर श्याम लाल कॉलेज की शानदार जीत

29 Oct 2026 16:15:53
विजेता श्याम लाल कॉलेज की टीम कोच  राकेश थपलियाल के साथ।


नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (हि.स.)। रवि राज की नाबाद अर्धशतकीय पारी और देवांश बिष्ट व देवांशु की घातक गेंदबाजी के दम पर श्याम लाल कॉलेज (प्रातः) ने दिल्ली विश्वविद्यालय अंतर-कॉलेज क्रिकेट प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में शानदार जीत दर्ज की। कॉलेज ने जाकिर हुसैन दिल्ली कॉलेज (सांध्य) को आठ विकेट से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया।

श्याम लाल कॉलेज के कप्तान अनिर्बान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उनका यह निर्णय गेंदबाजों ने सही साबित किया और जाकिर हुसैन दिल्ली कॉलेज (सांध्य) की टीम 25.2 ओवर में 144 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से गीतांश ने 23 और कुणाल ने 22 रन बनाए। श्याम लाल कॉलेज की ओर से देवांश बिष्ट ने 34 रन देकर चार विकेट लिए, जबकि देवांशु ने 38 रन देकर चार बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।

145 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्याम लाल कॉलेज (प्रातः) की टीम ने 22.4 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 147 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। रवि राज ने नाबाद 66 रन की शानदार पारी खेली, जबकि आयुष ने 40 रन बनाकर जीत में अहम योगदान दिया। इस तरह श्याम लाल कॉलेज ने आठ विकेट से मुकाबला जीतकर प्रतियोगिता के अगले दौर में जगह बनाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0