शिनजियांग में स्टारबक्स स्टोर खोलने पर विवाद, अमेरिकी सांसद की आलोचना पर चीन का पलटवार

03 Oct 2026 22:00:53
स्टारबक्स लोगो


बीजिंग, 03 अक्टूबर (हि.स.)। चीन के शिनजियांग क्षेत्र में स्टारबक्स के दो नए कैफे खुलने को लेकर अमेरिका और चीन के बीच विवाद बढ़ गया है। अमेरिकी कांग्रेस की चीन संबंधी चयन समिति के अध्यक्ष जॉन मूलिनार ने कंपनी से दोनों स्टोर बंद करने की मांग की है। इसके जवाब में चीन के विदेश मंत्रालय ने शिनजियांग में मानवाधिकार उल्लंघन और ‘नरसंहार’ के अमेरिकी आरोपों को खारिज करते हुए इन्हें राजनीतिक उद्देश्य से लगाए गए आरोप बताया।

स्टारबक्स ने 29 सितंबर को शिनजियांग की राजधानी उरुमची में अपने पहले दो कैफे खोले। इनमें एक शहर के ग्रैंड बाजार और दूसरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर है। कंपनी की चीन इकाई ने कहा है कि वह क्षेत्र में निवेश जारी रखेगी।

अमेरिकी सांसद मूलिनार ने स्टारबक्स के इस कदम की आलोचना करते हुए कहा कि कंपनी को शिनजियांग में अपने स्टोर बंद कर देने चाहिए। उनका आरोप है कि इस क्षेत्र में उइगर मुस्लिमों के साथ गंभीर मानवाधिकार उल्लंघन हुए हैं और वहां कारोबार करना इन आरोपों के बीच कंपनी को चीनी सरकार की नीतियों से जोड़ता है।

चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने शनिवार (03 अक्टूबर) को इन आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि अमेरिकी समिति राजनीतिक उद्देश्यों से चीन को बदनाम करने के लिए दावे गढ़ रही है। बीजिंग का कहना है कि शिनजियांग में उसकी नीतियां आतंकवाद, अलगाववाद और धार्मिक उग्रवाद से निपटने तथा सामाजिक स्थिरता बनाए रखने के लिए हैं।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0